भारतीय जनता पार्टी के सांसद तेजस्वी सूर्या ने मंगलवार को कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार से उनके निवास पर मुलाकात की। इस दौरान सूर्या ने प्रस्तावित बेंगलुरु टनल रोड परियोजना को रद्द करने और शहर में सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बैठक सौहार्दपूर्ण और सार्थक रही, जिसमें बेंगलुरु की यातायात समस्या के दीर्घकालिक समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई।
सूर्या ने बताया कि उन्होंने राज्य सरकार से टनल रोड पर खर्च होने वाली बड़ी राशि को मेट्रो और उपनगरीय रेल नेटवर्क के विस्तार पर खर्च करने की अपील की। सरकारी डीपीआर के अनुसार, टनल रोड से प्रति घंटे प्रति दिशा में केवल 1,800 वाहन गुजर सकेंगे, जबकि उसी गलियारे में मेट्रो से 69,000 यात्री परिवहन संभव है। उन्होंने जोर दिया कि नीति का उद्देश्य अधिक कारों के बजाय अधिक लोगों को गंतव्य तक पहुंचाना होना चाहिए।
किस बात का दिया सुझाव
बीजेपी सांसद ने बाहरी रिंग रोड पर तत्काल सुधार के लिए केआर पुरम और सिल्क बोर्ड मेट्रो स्टेशनों के बीच हर पांच-दस मिनट में डेडिकेटेड लूप बस सेवा शुरू करने का सुझाव दिया। साथ ही, बेंगलुरु मेट्रोपॉलिटन लैंड ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (बीएमएलटीए) को सशक्त बनाने और इसके लिए चेयरपर्सन नियुक्त करने पर बल दिया। उन्होंने पैदल यात्रियों के लिए विश्वस्तरीय फुटपाथ और सड़क उन्नयन को मिशन मोड में लागू करने की मांग की।
रेलवे को लेकर क्या बातचीत
सूर्या ने बेंगलुरु के लिए 300 किलोमीटर मेट्रो (तीन मिनट की फ्रीक्वेंसी) और 300 किलोमीटर उपनगरीय रेल की जरूरत बताई। उन्होंने टनल परियोजना का विरोध दोहराते हुए कहा कि यह पर्यावरण और लालबाग की 3,000 मिलियन वर्ष पुरानी चट्टान को खतरे में डालेगी। शिवकुमार ने सिद्धांत रूप में सहमति जताई और अगले सप्ताह अधिकारियों व ओआरआर कंपनियों के सीईओ के साथ फॉलो-अप बैठक का न्योता दिया।





