भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला आज शाम नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके 7 लोक कल्याण मार्ग स्थित आवास पर मुलाकात करेंगे। यह मुलाकात शाम 5 से 5:30 बजे के बीच होने की संभावना है। शुक्ला रविवार को भारत लौटे। वह अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) का दौरा करने वाले पहले भारतीय और अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय हैं। वह 25 जून को फ्लोरिडा के कैनेडी स्पेस सेंटर से लॉन्च हुए एक्सिओम-4 मिशन के पायलट थे।
शुक्ला ने रविवार को भारत पहुंचने पर हवाई अड्डे पर अपने परिवार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और राष्ट्रीय ध्वज लहराते हुए एक बड़ी भीड़ द्वारा स्वागत किया गया। उन्होंने पिछले एक साल तक अमेरिका में रहकर एक्सिओम-4 मिशन के लिए प्रशिक्षण लिया था। अंतरिक्ष से पीएम मोदी के साथ बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने शुक्ला से उनके प्रशिक्षण, अनुभवों और आईएसएस में रहने के बारे में विस्तृत जानकारी दर्ज करने को कहा था, जो भारत के भविष्य के अंतरिक्ष मिशनों के लिए उपयोगी होगी।
भावनात्मक पोस्ट की साझा
शुभांशु शुक्ला ने भारत लौटते समय इंस्टाग्राम पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने अपनी मिश्रित भावनाओं का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि वह अपने मिशन के दौरान बने दोस्तों को छोड़कर दुखी हैं, लेकिन भारत में अपने परिवार और दोस्तों से मिलने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने अपने कमांडर पैगी व्हिटसन के हवाले से कहा कि अंतरिक्ष उड़ान में एकमात्र स्थिर चीज है परिवर्तन और इसे जीवन पर भी लागू बताया। शुक्ला ने अपनी पोस्ट को फिल्म स्वदेस के गीत ‘यूं ही चला चल’ की पंक्ति के साथ समाप्त किया, जो उनके मिशन लॉन्च के दिन का थीम गीत था।
ऐतिहासिक ISS मिशन पर चर्चा
लोकसभा में आज भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम और शुक्ला के ऐतिहासिक आईएसएस मिशन पर एक विशेष चर्चा होगी। यह चर्चा 2047 तक विकसित भारत के लिए अंतरिक्ष कार्यक्रम की महत्वपूर्ण भूमिका पर केंद्रित होगी। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि शुक्ला के सम्मान में संसद में भारत के अंतरिक्ष मिशन पर विस्तृत चर्चा होगी। इसके अलावा, शुक्ला 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस समारोह में भी भाग लेंगे।






