Hindi News

देशभर में शुरू हुई CBSE बोर्ड की परीक्षाएं, 40 लाख से ज्यादा छात्र देंगे इम्तिहान, जारी किए गए जरूरी नियम

Written by:Diksha Bhanupriy
Published:
देशभर में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा की शुरुआत आज से हो गई है। इस परीक्षा में 10वीं और 12 वीं के लाखों छात्र शामिल होने वाले हैं।
देशभर में शुरू हुई CBSE बोर्ड की परीक्षाएं, 40 लाख से ज्यादा छात्र देंगे इम्तिहान, जारी किए गए जरूरी नियम

देशभर में सीबीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं आज से शुरू हो गई है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक इस साल 43,67, 870 परीक्षार्थी परीक्षा देने वाले हैं। इसमें दसवीं के 25,08,319 और 12वीं के 18,59,513 छात्र परीक्षा देंगे।

दसवीं की परीक्षा देने वाले छात्रों की संख्या 14,08,546 है, वहीं छात्राएं 10,99,773 हैं। 12वीं के छात्रों की संख्या 10,27,552 हैं और छात्राओं की संख्या 8,31,999 बताई गई है। दसवीं की परीक्षा के लिए देशभर में 8075 और बारहवीं की परीक्षा के लिए 7574 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

कैसा है परीक्षा का शेड्यूल

कक्षा दसवीं का आज गणित का पेपर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक है। वहीं 12वीं का बायोटेक्नोलॉजी एंटरप्रेन्योरशिप का पेपर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक और शॉर्टहैंड सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक है।

उत्तर पुस्तिकाओं का होगा डिजिटल मूल्यांकन

CBSE द्वारा कक्षा बारहवीं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन डिजिटल तरीके से होगा। इसके लिए ऑन स्क्रीन मार्किंग प्रणाली शुरू की गई है। जबकि दसवीं का मूल्यांकन पारंपरिक माध्यम के जरिए ही किया जाएगा। नई व्यवस्था सुचारू रूप से चलाई जा सके इसके लिए 16 फरवरी से शिक्षकों को डिजिटल मूल्यांकन प्लेटफॉर्म पर अभ्यास सत्र पूरा करने के निर्देश जारी किए गए हैं। सभी शिक्षकों को उनके पंजीकृत ईमेल आईडी पर लॉगिन क्रेडेंशियल भेज दिए गए हैं।

10वीं के छात्रों के लिए जरूरी नियम

सीबीएसई की ओर से स्पष्ट रूप से निर्देश जारी किए गए हैं की दसवीं के सभी छात्रों को पहले बोर्ड परीक्षा में शामिल होना जरूरी है। परीक्षा में तीन विषयों में उपस्थित नहीं होने वाले छात्रों को अनिवार्य पुनरावृत्ति की श्रेणी में रखा जाएगा और वह अगले साल होने वाली मुख्य परीक्षा में शामिल हो पाएंगे। पहली परीक्षा में कंपार्टमेंट वाले छात्र ही दूसरी परीक्षा में शामिल हो पाएंगे। बोर्ड ने प्रश्न पत्रों की गोपनीयता और परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने का दावा किया है।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !