Hindi News

CBSE पेमेंट गेटवे सिस्टम में खामियों को लेकर शिक्षा मंत्री ने की 4 PSU बैंकों के साथ बैठक, दिए ये निर्देश

Published:
सीबीएसई पेमेंट गेटवे सिस्टम को मजबूत करने और भुगतान संबंधित समस्याओं का समाधान निकालने के लिए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बड़ा कदम उठाया है। 4 पब्लिक सेक्टर बैंकों के अधिकारियों के साथ बैठक की। जरूरी निर्देश भी दिए हैं।  
CBSE पेमेंट गेटवे सिस्टम में खामियों को लेकर शिक्षा मंत्री ने की 4 PSU बैंकों के साथ बैठक, दिए ये निर्देश

सीबीएसई कक्षा 12वीं पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया (CBSE Re-evaluation Process) के दौरान छात्रों को पेमेंट संबंधित गड़बड़ियों का सामना करना पड़ा। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan) ने देश के चार बड़े पब्लिक सेक्टर बैंकों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के पेमेंट गेटवे सिस्टम में हो रही गड़बड़ियों और उनके समाधान के लिए उपायों को लेकर विस्तृत चर्चा की।

26 मई को आयोजित बैठक में भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा, केनरा बैंक और इंडियन बैंक के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। सुधार के लिए जरूरी निर्देश दिए हैं। शिक्षा मंत्री ने एक मजबूत भरोसेमंद छात्र अनुकूल पेमेंट इकोसिस्टम की जरूरत पर जोर दिया, जिसमें परीक्षा के बाद की सुविधाओं जैसे कि पुनर्मूल्यांकन, उत्तर पुस्तिकाओं की फोटो कॉपी प्राप्त करने और अन्य शुल्क आधारित प्रक्रियाएं शामिल हैं।

शिक्षा मंत्री ने बैंकों को दिए ये निर्देश 

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बैंकों को सीबीएसई को मजबूत पेमेंट प्रोटोकॉल स्थापित करने में मदद करने का निर्देश दिया है। ताकि ट्रांजेक्शन सही समय पर सुनिश्चित हो सके और पेमेंट से संबंधित मुद्दों का तत्काल समाधान हो सके। साथ ही जिन छात्रों का पेमेंट फेल हुआ है, उन्हें जल्द से जल्द रिफंड मिल सके। इसके अलावा बैंकों को हाईटेक तकनीकी सुरक्षा उपाय, रियल टाइम निगरानी और शिकायत निवारण टूल्स के जरिए पेमेंट गेटवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सीबीएसई के साथ काम करने का निर्देश भी दिया गया है।

इतना ही नहीं मंत्री ने बैंक अधिकारियों से इस पहल को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का अनुरोध भी किया है। ताकि छात्रों को भविष्य में तकनीकी गड़बड़ी हो या पेमेंट विफलताओं का सामना न करना पड़े। बैंकों से सुचारू, सुनिश्चित और कुशल डिजिटल ट्रांजेक्शन सुनिश्चित करने को भी कहा गया है। बैंकों ने भी समर्थन का आश्वासन दिया है।

जल्द शुरू होंगे पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन 

सीबीएसई कक्षा 12वीं उत्तर पुस्तिकाओं की फोटो कॉपी के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 25 मई 2026 थी। बोर्ड ने 24 मई को एक नोटिस के जरिए जिन्होंने अधिक पेमेंट किया है, उन्हें रिफंड करने का ऐलान किया था। जल्द ही वेरिफिकेशन और पुनर्मूल्यांकन के लिए एप्लीकेशन पोर्टल एक्टिव होगा। अपडेट के लिए छात्रों को नियमित तौर पर आधिकारिक वेबसाइट http://www.cbse.gov.in विजिट करते रहने की सलाह दी है।

Manisha Kumari Pandey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता जनकल्याण का माध्यम है। एक पत्रकार का काम नई जानकारी को उजागर करना और उस जानकारी को एक संदर्भ में रखना है। ताकि उस जानकारी का इस्तेमाल मानव की स्थिति को सुधारने में हो सकें। देश और दुनिया धीरे–धीरे बदल रही है। आधुनिक जनसंपर्क का विस्तार भी हो रहा है। लेकिन एक पत्रकार का किरदार वैसा ही जैसे आजादी के पहले था। समाज के मुद्दों को समाज तक पहुंचाना। स्वयं के लाभ को न देख सेवा को प्राथमिकता देना यही पत्रकारिता है। अच्छी पत्रकारिता बेहतर दुनिया बनाने की क्षमता रखती है। इसलिए भारतीय संविधान में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ बताया गया है। हेनरी ल्यूस ने कहा है, " प्रकाशन एक व्यवसाय है, लेकिन पत्रकारिता कभी व्यवसाय नहीं थी और आज भी नहीं है और न ही यह कोई पेशा है।" पत्रकारिता समाजसेवा है और मुझे गर्व है कि "मैं एक पत्रकार हूं।" View all posts by Manisha Kumari Pandey
Follow Us :GoogleNews