
भोपाल, डेस्क रिपोर्ट। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में बड़े नक्सली हमले (Naxalite attack) की खबर है। नारायणपुर जिले के कड़ेनार में धौड़ाई और पल्लेनार के बीच जवानों से भरी बस पर नक्सलियों ने हमला बोल दिया। इस बस में जवान सवार थे जिनमें से बस ड्रायवर समेत चार जवान शहीद हो गए हैं व कई अन्य के घायल होने की खबर हैं।
जानकारी के मुताबिक ये जवान एक ऑपरेशन से लौट रहे थे और रास्ते में नक्सलियों ने उनकी गाड़ी को ब्लास्ट से उड़ा दिया। इस हमले में 4 जवान शहीद हुए हैं और करीब 15 जवान घायल हैं। धौड़ाई और पल्लेनार के बीच घने जंगलों में LED ब्लास्ट के जरिये नक्सलियों ने घात लगाकर हमला किया। सूचना मिलने के बाद बैकअप फोर्स को सहायता के लिए रवाना कर दिया है तथा सभी बड़े अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। यहां अतिरिक्त रिइन्फोर्समेंट पार्टी भेजी गई है और घायलों को रेस्क्यू कर वायुसेना के विमान से इलाज के लिए रायपुर भेजा जा रहा है। इस घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा एजेंसियों के लिए भी ये एक सतर्क करने वाली खबर है।
नारायणपुर में हमारे सुरक्षा बलों पर नक्सली हमले का समाचार सुनकर द्रवित हूँ। हमले में शहीद हुए जवानों के परिवारों को मेरी संवेदनाएं और सभी घायल जवानों के शीघ्रातिशीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।
— T S Singhdeo (@TS_SinghDeo) March 23, 2021
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

