क्या CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने पुलिस के पैर पकड़े? जंतर-मंतर पर टेंट लगाने की मांग का वीडियो हुआ वायरल

नीट पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने पुलिस के पैर पकड़े? जंतर-मंतर पर टेंट लगाने की मांग का वीडियो हुआ वायरल

दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके का वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल इस वीडियो में वह पुलिस अधिकारियों के सामने हाथ जोड़ते और उनके पैर पकड़ते दिखाई दे रहे हैं। उनका कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए उन्हें टेंट लगाने की अनुमति दी जाए। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

दरअसल दीपके ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि छात्रों को बारिश से बचाने के लिए तिरपाल लगाने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन इसकी अनुमति नहीं मिली। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तिरपाल लेकर पहुंच रहे कुछ छात्रों के साथ पुलिस ने सख्ती की। हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।

छात्रों की मांग क्या है?

बता दें कि जंतर-मंतर पर चल रहा यह प्रदर्शन नीट परीक्षा में अनियमितताओं, पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग को लेकर किया जा रहा है। प्रदर्शनकारी शिक्षा व्यवस्था में सुधार और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कॉकरोच जनता पार्टी भी इन्हीं मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय से जवाब मांग रही है। प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई है।

भूख हड़ताल पर बैठे हैं सोनम वांगचुक

दरअसल इस आंदोलन में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी शामिल हैं, जो लंबे समय से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक उनकी सेहत पर भी असर पड़ा है। वहीं कुछ अन्य छात्र नेताओं की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इसके बावजूद कई प्रदर्शनकारी अब भी अनशन जारी रखे हुए हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

कैसे बनी कॉकरोच जनता पार्टी?

जानकारी दे दें कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की शुरुआत एक न्यायिक टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर हुई थी। इसके बाद अभिजीत दीपके ने इसे एक ऑनलाइन अभियान के रूप में आगे बढ़ाया और धीरे-धीरे यह चर्चा का विषय बन गया। पार्टी ने शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली और युवाओं से जुड़े कई मुद्दों को अपने अभियान का हिस्सा बनाया। सोशल मीडिया पर इसकी मौजूदगी तेजी से बढ़ी और बड़ी संख्या में युवाओं ने इससे जुड़ाव दिखाया।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews