
CM Yogi got angry on Abu Azmi : प्रयागराज महाकुंभ की आलोचना और उसके दुष्प्रचार को लेकर भाजपा के निशाने पर चल रही समाजवादी पार्टी ने अब औरंगजेब की तारीफ कर बिन बुलाये मुसीबत मोल ले ली है, समाजवादी पार्टी के विधायक एवं महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष अबू आजमी द्वारा औरंगजेब को महान बताने पर सीएम योगी ने कड़ा ऐतराज जताया है, उन्होंने उत्तर प्रदेश विधान परिषद् में आज कहा, जो औरंगजेब को अपना नायक मान रहा हो उसको भारत में रहने का अधिकार नहीं, उन्होंने समाजवादी पार्टी से कहा अपने विधायक को एक बार उत्तर प्रदेश में भेज दीजिए बाकी उपचार हम करवा देंगे।
औरंगजेब का मुद्दा समाजवादी पार्टी के लिए मुसीबत बन रहा है, समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आजमी ने मुंबई में मीडिया से बात करते हुए छावा फिल्म पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था, सारा गलत इतिहास दिखाया जा रहा है, औरंगजेब ने कई मंदिर बनवाए, औरंगजेब क्रूर नहीं था।, एक न्यूज चैनल के साथ इंटरव्यू में अबू आजमी ने कहा था, “मैंने औरंगजेब के बारे में जितना पढ़ा है, उसने कभी भी जनता का पैसा अपने लिए नहीं लिया, उसके शासनकाल के समय भारत को सोने की चिड़िया कहा जाता था। सपा नेता ने कहा था कि मुझे लगता है कि औरंगजेब एक महान प्रशासक थे।
हालाँकि विवाद बढ़ने के बाद अबू आजमी ने अपना बयान वापस ले लिया था लेकिन ये बयान उनका पीछा कर रहा है, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज उत्तर प्रदेश विधान परिषद् में समाजवादी पार्टी को उनके विधायक के बयान पर कठघरे में खड़ा किया, योगी ने समाजवादी पार्टी पर लोहिया जी के विचारों को तार तार करने का आरोप लगाया।
योगी ने कहा, आप भारत की विरासत पर गौरव की अनुभूति नहीं करते कम से कम जिनके नाम पर राजनीति करते है उनके विचारों को ही मान लेते, राम मनोहर लोहिया ने कहा था भारत की एकात्मता के तीन आधार है प्रभु श्री राम, श्री कृष्ण और शिव, उन्होंने कहा था जब तक जनता इनके प्रति श्रद्धा का भाव रखेगी भारत को भारत बने रहने से कोई रोक नहीं सकता, वे प्रखर समाजवादी थे हमारी विचारधारा से अलग थे लेकिन कांग्रेस के विरोधी थे।
आज समाजवादी पार्टी लोहिया के विचारों से दूर भाग गई है
योगी ने कहा आज समाजवादी पार्टी लोहिया के विचारों से दूर भाग गई है आज राम, कृष्ण, शिव की परंपरा को भारत की विरासत को कोसना मानों इनके जीवन का उद्देश्य हो गया है और दुर्भाग्य ये है कि इन्होने आदर्श औरंगजेब को माना है , योगी ने कहा औरंगजेब के पिता शाहजहाँ ने आत्मकथा में लिखा, खुदा करे ऐसा कमबख्त किसी के यहाँ पैदा न हो, औरंगजेब ने अपने पिता को आगरा के किले कैद रखा और एक एक बूंद पानी के लिए तरसाया।
जिनका आचरण औरंगजेब जैसा है वो औरंगजेब पर गौरव करेंगे
सीएम योगी ने कहा शाहजहाँ की आत्मकथा को पढ़ लीजिये तो उसकी पीड़ा समझ आ जाएगी, हाँ जिनका आचरण औरंगजेब जैसा है वो औरंगजेब पर गौरव करेंगे अब समाजवादी को इसपर जवाब देना चाहए कि भारत की आस्था पर प्रहार करने वाला दुर्दांत क्रूर शासक औरंगजेब को सपा महान मानती है। योगी ने कहा शाहजहाँ ने औरंगजेब को कोसते हुए लिखा तुमसे अच्छा तो ये हिन्दू है जो जीते जी अपने माता पिता की सेवा करता है और मरने के बाद श्राद्ध पक्ष में जल देता है और तुम मुझे एक एक बूंद पानी के लिए तरसा दिया।
जो औरंगजेब को अपना नायक मानता है उसे भारत में रहने का अधिकार नहीं
योगी के बोलने पर जब समाजवादी पार्टी के नेता रासबिहारी ने टोका टोकी की तो उन्होंने कहा कि तुम्हारा विधायक जब ये कह रहा है तो निकालो इसे पार्टी से बाहर। आक्रोशित होते हुए योगी बोले इसको एक बार यूपी भेज दीजिये बाकी उपचार हम करवा लेंगे, जो व्यक्ति छत्रपति शिवाजी महाराज की परंपरा पर गौरव की अनुभूति करने की जगह लज्जा की अनुभूति कर रहा और औरंगजेब को अपना नायक मान रहा है क्या उसे भारत के अन्दर रहने का अधिकार होना चाहिए।
औरंगजेब को समाजवादी पार्टी अपना आदर्श मानती है…
जो औरंगजेब को अपना नायक मान रहा हो उसको भारत में रहने का अधिकार नहीं…
अपने विधायक को एक बार उत्तर प्रदेश में भेज दीजिए बाकी उपचार हम करवा देंगे… pic.twitter.com/6YbSY2cJ77
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) March 5, 2025
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

