‘कर्नल सोफिया कुरैशी भारत का गौरव: बीजेपी महासचिव बीएल संतोष ने की सराहना, कहा ‘ऑपरेशन सिंदूर के बाद बनीं युवा पीढ़ी की आइकन’

कर्नल सोफिया कुरैशी भारतीय सेना की प्रतिष्ठित अधिकारी हैं, जिन्होंने सैन्य सेवा में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उनका योगदान न सिर्फ सैन्य क्षेत्र में बल्कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद प्रेस ब्रीफिंग में उन्होंने जिस आत्मविश्वास से सैन्य कार्रवाई की जानकारी दी, उसके बाद से वे लगातार चर्चाओं में हैं।
Colonel Sophia Qureshi

BL Santosh Praised Colonel Sophia Qureshi : भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी इन दिनों देश भर में चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं। उनकी वीरता, नेतृत्व क्षमता और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में महत्वपूर्ण भूमिका ने उन्हें युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का प्रतीक बना दिया है। भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष ने ट्वीट करते हुए उन्हें ‘वडोदरा की बेटी, बेलगावी की बहू, भारत का गौरव’ करार दिया है।

उनका ये बयान उस समय आया है जब मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर बवाल मचा हुआ है। बता दें कि विजय शाह ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में बिना सोफिया का नाम लेते हुए उन्हें सिंदूर उजाड़ने वालों की बहन कहा था। इसके बाद से कांग्रेस उनपर हमलावर है और उनके इस्तीफे की मांग कर रही है। सोशल मीडिया पर भी उन्हें काफी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद विजय शाह ने अपने बयान के लिए माफी भी मांग ली है।

बीजेपी महासचिव ने की कर्नल सोफिया कुरैशी की सराहना

बीजेपी महासचिव बीएल संतोष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कर्नल सोफिया कुरैशी की प्रशंसा की है। उन्होंने लिखा है कि ‘सात दिनों के भीतर वह युवा पीढ़ी के लिए एक प्रतीक बन गई हैं। ऑपरेशन सिंदूर के बाद न सिर्फ प्रेस ब्रीफिंग के कारण, बल्कि अपने जीवन और अपने परिवार की विरासत के कारण भी। वडोदरा की बेटी, बेलगांव की बहू, भारत का गौरव।’ इस तरह बीजेपी के वरिष्ठ नेता ने सोफिया कुरैशी की सार्वजनिक सराहना करते हुए न सिर्फ उनकी सैन्य सेवा की प्रतिष्ठा को रेखांकित किया है, बल्कि उनके परिवार को भी एक मिसाल बताया है।

कर्नल सोफिया कुरैशी बनीं प्रेरणास्त्रोत

कर्नल सोफिया कुरैशी का जन्म गुजरात के वडोदरा में हुआ। उन्होंने बायोकेमिस्ट्री में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है और चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी से प्रशिक्षण प्राप्त कर भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त किया। वे भारतीय सेना के सिग्नल कोर से जुड़ी हुई हैं और संचार व सूचना प्रणालियों की जिम्मेदारी निभाती हैं। हाल ही में हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में उन्होंने पाकिस्तान और पीओके में आतंकवादी ठिकानों के खिलाफ भारतीय सशस्त्र बलों की कार्रवाई में प्रमुख भूमिका निभाई है। इसके बाद भारतीय सेना की ओर से प्रेस ब्रीफिंग में कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने विदेश सचिव विक्रम मिश्री के साथ मिलकर ” ऑपरेशन सिंदूर” के बारे में मीडिया को जानकारी दी। 2006 में वे कांगो (MONUSCO) में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में सैन्य पर्यवेक्षक के रूप में सेवा दे चुकी हैं।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews