कांग्रेस ने की गृह मंत्री अमित शाह की बर्खास्तगी की मांग, खड़गे बोले PM Modi रात 12 बजे तक लें एक्शन, देश में विरोध प्रदर्शन की चेतावनी

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह दोनों गहरे दोस्त हैं, इसलिए दोनों एक दूसरे के पाप को छिपाते हैं।
Mallikarjun Kharge

Congress demanded Home Minister Amit Shah dismissal : गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर मचे सियासी बवाल के बाद इस्तीफे की मांग कर रही कांग्रेस ने अब बर्खास्तगी की मांग कर दी है, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने AICC ऑफिस में मीडिया से बात करते हुए कहा अगर प्रधानमंत्री मोदी के मन में बाबा साहब के प्रति थोड़ी सी भी श्रद्धा है तो वे आज रात 12 बजे से पहले अमित शाह को उनके पद से बर्खास्त करें वर्ना पूरे देश में विरोध प्रदर्शन होंगे। 

संविधान पर चर्चा के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने कल मंगलवार को राज्यसभा में डॉ भीमराव अंबेडकर की विरासत के बारे कई बातें बताई, अमित शाह ने ये भी बताया कि क्यों बाबा साहब को देश की पहली कैबिनेट से इस्तीफा देना पड़ा था और तब नेहरु जी ने उनके इस्तीफे पर क्या कहा था? जब अमित शाह कांग्रेस द्वारा बाबा साहब को अपमानित करने की बातें बता रहे थे तभी उन्होंने कांग्रेस की तरफ देखते हुए कहा.. आजकल अंबेडकर का नाम लेना एक फैशन हो गया है.. अंबेडकर… अंबेडकर… अंबेडकर… अंबेडकर… अंबेडकर… अंबेडकर… इतना नाम अगर भगवान का लेते तो सात जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता..

इस्तीफा मांगने वाली कांग्रेस ने अब अमित शाह की बर्खास्तगी की मांग की 

अमित शाह के भाषण के इस अंश पर बवाल मच गया, कांग्रेस ने इसे बाबा साहब अंबेडकर का अपमान बताकर हंगामा कर दिया, आज बाबा साहब की तस्वीर के साथ संसद परिसर में विपक्षी पार्टियों के साथ प्रदर्शन किया और सदन के दोनों सदनों में हंगामा किया, कांग्रेस ने गृह मंत्री से माफ़ी मांगने और इस्तीफा देने की मांग की।

PM Modi से आज रात 12 बजे तक अमित शाह को बर्खास्त करने की मांग  

शाम होते होते कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने AICC ऑफिस में मीडिया से बात की और अमित शाह को मोदी कैबिनेट से बर्खास्त करने की मांग कर दी , उन्होंने कहा अगर प्रधानमंत्री मोदी के मन में बाबा साहब के प्रति थोड़ी सी भी श्रद्धा है तो वे आज रात 12 बजे से पहले अमित शाह को उनके पद से बर्खास्त करें, खड़गे ने कहा यदि ऐसा नहीं होता है तो फिर पूरे देश में विरोध प्रदर्शन होंगे।

BJP-RSS और उनके राजनीतिक पूर्वजों ने कभी संविधान को सम्मान नहीं दिया

खड़गे ने कहा BJP-RSS और उनके राजनीतिक पूर्वजों ने कभी संविधान को सम्मान नहीं दिया। इनके राजनीतिक पूर्वजों ने कभी संविधान को स्वीकार नहीं किया, उसकी प्रतियां जलाईं। इन लोगों ने तिरंगे को भी नहीं अपनाया।उनका कहना था कि संविधान में मनुस्मृति की बातें नहीं हैं, इसलिए इसे नहीं मानेंगे। इसके विरोध में उन लोगों ने नेहरू और अंबेडकर जी का पुतला भी जलाया। अगर BJP और उनके नेताओं के मन में अंबेडकर जी के लिए श्रद्धा होती तो वे कभी ऐसी बातें नहीं बोलते।

कांग्रेस ने दी पूरे देश में विरोध प्रदर्शन की चेतावनी 

खड़गे ने कहा यदि कोई व्यक्ति संविधान की शपथ लेकर मंत्री बनता है और फिर संविधान का अपमान करता है, तो उसे कैबिनेट में रहने का कोई अधिकार नहीं है। अमित शाह को फौरन कैबिनेट से बर्खास्त किया जाना चाहिए। अगर ऐसा नहीं होगा तो पूरे देश में विरोध प्रदर्शन होंगे। बाबा साहब अंबेडकर जी सबके हैं, क्योंकि वे दलित, शोषित और वंचित लोगों समेत समाज के हर व्यक्ति की बात करते थे। वे सभी के प्रति सहानुभूति रखते थे।

दोनों गहरे दोस्त हैं, इसलिए दोनों एक दूसरे के पाप को छिपाते हैं 

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, मुझे ताज्जुब है कि जब कोई व्यक्ति बाबा साहब के बारे में ऐसी अपमानजनक बातें बोल रहा है, तो उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुलाकर टोका तक नहीं। इसके विपरीत गृह मंत्री को समर्थन देने के लिए उन्होंने 6 ट्वीट कर दिए। जबकि अंबेडकर जी के लिए ऐसी अपमानजनक बात करने वाले व्यक्ति को कैबिनेट से निकाल देना चाहिए था। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह दोनों गहरे दोस्त हैं, इसलिए दोनों एक दूसरे के पाप को छिपाते हैं।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews