Cyber crime : बॉयफ्रेंड ने गर्लफ्रेंड के पिता के अकाउंट से उड़ाए लाखों रुपये, इस तरह की ठगी

Cyber ​​Crime

Cyber crime : प्यार में दगा..ये कोई नया किस्सा नहीं। ऐसी तमाम कहानियां हमने देखी सुनी हैं। लेकिन समय के साथ साथ धोखा देने के तरीके भी बदल रहे हैं। पहले हम दिल तोड़ने के किस्से सुनते थे..अब बदलते समय के साथ प्रेम में साइबर फ्रॉड भी होने लगा है। या कहें ऐसे फ्रॉड करने के लिए प्रेम का नाटक किया जाने लगा है।

ताजा मामला उत्तर प्रदेश के कानपुर का है। यहां गोविंद नगर में रहने वाला विशाल नाम का युवक ‘ऑल इन वन’ नाम का रेस्टॉरेंट चलाता था। यहां उसी इलाके की एक लड़की अक्सर आती थी। धीरे धीरे दोनों में बातचीत होने लगी, फिर दोस्ती हुई और मामला प्यार तक पहुंच गया। अब विशाल कभी कभी उसके घर भी जाने लगा। उसे पता था कि लड़की के पास मोबाइल फोन नही है और वो अपने पिता का मोबाइल ही इस्तेमाल करती है।

एक दिन विशाल लड़की के घर पहुंचा। इसके बाद उसने कहा कि उसका मोबाइल खराब है और एक फोन करना है। लड़की ने अपने पिता का मोबाइल उसे दे दिया। इसके बाद उसने एक कप चाय की फरमाइश की। लड़की चाय बनाने गई तब तक विशाल ने उसके पिता के मोबाइल की सिम निकालकर अपने मोबाइल में डाल दी और और उसमें एक ब्लॉक सिम डाल दी। लड़की चाय लेकर आई तो उसने कहा कि शायद कुछ नेटवर्क इश्यू है और उसके पिता का फोन काम नहीं कर रहा है। इसके बाद विशाल अपने घर चला गया।

जब पिता के मोबाइल ने काम करना बंद कर दिया तो वो सिम कंपनी के आउटलेट पर गए। वहां जाकर पता चला कि उनके मोबाइल में तो कोई और ही सिम पड़ी है। जब उनके नंबर की सिम रिइश्यू की गई तो पता चला कि उनके बैंक अकाउंट से करीब एक लाख 68 हजार की रकम निकाल ली गई है। साथ ही इंटरनेट बैंकिंक के जरिए ऑनलाइन शॉपिंग भी की गई है। इसके बाद वो अपने बैंक गए और अकाउंट डिटेल निकाली।  ऑनलाइन शॉपिंग की डिटेल से पता चल गया कि ये सारा खेल विशाल नाम के युवक द्वारा किया गया है। इसके बाद लड़की के पिता ने गोविंद नगर थाने में अपने साथ हुए साइबर क्राइम की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने विशाल को कस्टडी में लेकर पूछताछ की तो उसने सारा सच कबूल कर लिया। विशाल ने अपनी गर्लफ्रेंड के पिता के अकाउंट से 168000 की ठगी की। मामले का खुलासा होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews