नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में चल रहे प्रतिष्ठित AI इम्पैक्ट समिट के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन अब राजनीतिक गलियारों में एक बड़े विवाद का कारण बन गया है। इस प्रदर्शन की आलोचना सिर्फ सत्तारूढ़ बीजेपी ही नहीं, बल्कि विपक्ष के कई प्रमुख नेताओं ने भी की है। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी और तेलंगाना के पूर्व मंत्री केटी राम राव (KTR) ने इसे भारत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर शर्मिंदा करने वाला कदम बताया है।
इस बीच, प्रदर्शन करने वाले चारों कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 5 दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है। यूथ कांग्रेस के इस तरीके पर अब गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
‘हमारी राजनीति कहां जा रही है?’: जगन मोहन रेड्डी
YSR कांग्रेस पार्टी के प्रमुख और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने इस घटना पर गहरी निराशा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन देश की प्रतिष्ठा सर्वोपरि होनी चाहिए।
“कल AI समिट में यूथ कांग्रेस ने हम सबको शर्मिंदा कर दिया। हमारी पॉलिटिक्स कहां जा रही है। किसी को भी हमारे देश को नीचा नहीं दिखाना चाहिए। हमारे राजनीतिक मतभेद चाहे जो भी हों, हमें हमेशा दुनिया के सामने एक साथ रहना चाहिए।”- वाईएस जगन मोहन रेड्डी
जगन मोहन रेड्डी का यह बयान दर्शाता है कि वैश्विक मंचों पर इस तरह के विरोध प्रदर्शनों को लेकर विपक्ष में भी एक राय नहीं है।
Yesterday at the AI Summit, the Youth Congress made us all feel ashamed. Where is our politics heading! No one should ever demean our country. Whatever our political differences may be, we should always present a united face to the world.
— YS Jagan Mohan Reddy (@ysjagan) February 21, 2026
KTR ने बताया ‘छोटी-मोटी राजनीतिक नौटंकी’
भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी राम राव ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस प्रदर्शन की कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे एक गैर-जिम्मेदाराना हरकत करार दिया।
KTR ने लिखा, “यह बहुत बुरा है कि यूथ कांग्रेस के लोगों ने AI इम्पैक्ट समिट को छोटी-मोटी राजनीतिक नौटंकी के लिए चुना। विरोध के लिए ऐसे ग्लोबल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने से हमारे महान देश भारत की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खराब इमेज बनेगी।”
उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र में असहमति का स्थान है, लेकिन उसके लिए सही समय और सही जगह का चुनाव महत्वपूर्ण है।
“राजनीतिक असहमति का एक समय और जगह होती है, और इंटरनेशनल समिट निश्चित रूप से उनमें से एक नहीं है।”- केटी राम राव (KTR)
इस घटना ने एक नई बहस छेड़ दी है कि क्या राजनीतिक विरोध के नाम पर देश की अंतरराष्ट्रीय छवि को दांव पर लगाना उचित है।
It is absolutely deplorable that members of the Youth Congress chose the AI Impact Summit 2026 as a venue for petty political theatrics
Using such a global platform for protests will project our great nation India in a poor light internationally
While difference of opinion is… pic.twitter.com/sM3MmIb8UJ
— KTR (@KTRBRS) February 21, 2026






