दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में पकड़ा हाइड्रोपोनिक गांजा, करोड़ों में है कीमत

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 48 करोड़ रुपये का हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया है। बैंकॉक से आए दो थाई नागरिकों को भी दबोचा गया है।
Delhi News

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बैंकॉक से आए दो थाई नागरिकों को दबोचकर कस्टम विभाग ने 48 करोड़ रुपये के हाइड्रोपोनिक गांजे की बड़ी खेप पकड़ी है। यह हाल के दिनों में आईजीआई एयरपोर्ट पर हुई ड्रग्स की सबसे बड़ी बरामदगी बताई जा रही है।

कस्टम अधिकारियों के मुताबिक, यह जब्ती देश के किसी भी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बीते कुछ सालों में हुई सबसे बड़ी ड्रग्स की बरामदगी में से एक है। दिल्ली एयरपोर्ट कस्टम कमिश्नर अरविंद सरन ने इस बड़ी सफलता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कस्टम अधिकारी ड्रग्स और दूसरी बैन चीजों की स्मगलिंग की कोशिशों को रोकने के लिए चौबीसों घंटे कड़ी निगरानी रख रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सोने की स्मगलिंग को रोकने के लिए भी ठोस कोशिशें लगातार की जा रही हैं।

पकड़ा गया यह गांजा सामान्य गांजा नहीं है। यह हाइड्रोपोनिक वीड, गांजे का एक हाई-पोटेंसी वाला रूप है। इसकी खासियत यह है कि इसे मिट्टी के बजाय खास पोषक तत्वों से भरपूर पानी में उगाया जाता है। कृषि वैज्ञानिकों की आधुनिक तकनीकों का उपयोग अब नशे के कारोबारी भी अपने अवैध धंधे को बढ़ाने के लिए करने लगे हैं। आलू और अन्य फसलें भी इसी तरह के पानी में उगाई जाती हैं, लेकिन अब इसका इस्तेमाल नशे के लिए किया जा रहा है।

बैंकॉक से दिल्ली पहुंचे थे दोनों थाई नागरिक

कस्टम अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए थाई नागरिक 22 मई को दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचे थे। दोनों यात्री बैंकॉक से दिल्ली आए थे। हवाई अड्डे पर ग्रीन चैनल पार करने के बाद संदिग्ध यात्रा संकेतकों और मिली विशिष्ट जानकारी के आधार पर कस्टम अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद दोनों यात्रियों के सामान की गहन जांच की गई।

48 करोड़ रुपये आंकी गई गांजे की कीमत

जांच के दौरान, कस्टम अधिकारियों को छह वैक्यूम-सील्ड पैकेट मिले। इन पैकेटों में हाइड्रोपोनिक गांजा होने का संदेह था। अधिकारियों ने बताया कि एक यात्री के सामान से लगभग 29 किलोग्राम वजन के चार पैकेट बरामद किए गए। वहीं, दूसरे यात्री के सामान से करीब 19 किलोग्राम वजन के दो पैकेट मिले। यात्रियों के पास मिले गांजे का कुल वजन 47.805 किलोग्राम था, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 48 करोड़ रुपये आंकी गई है। कस्टम विभाग अब इन तस्करों से पूछताछ कर रहा है ताकि इनके पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन का खुलासा हो सके।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews