दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मामले में डिस्चार्ज होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जंतर-मंतर पर एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने इस दौरान केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। केजरीवाल ने कहा कि पिछले चार सालों से उन्हें और आम आदमी पार्टी को खत्म करने की साजिश रची जा रही थी, लेकिन अदालत के फैसले ने इस साजिश का पर्दाफाश कर दिया है।
केजरीवाल ने कहा, “परसों दिल्ली की एक अदालत ने एक ऐतिहासिक फैसला किया जो दिल्ली वालों के पक्ष में है। मैं आपको बधाई देना चाहता हूं। मैं जज साहब का धन्यवाद करना चाहता हूं कि ऐसे डर के माहौल में ऐसा धाकड़ फैसला दिया।” उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि वे बस मार्शलों और अन्य निकाले गए कर्मचारियों से भी बात करेंगे।
अदालत का फैसला बीजेपी के गाल पर तमाचा
पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने पिछले 4 सालों से यह साबित करने की साजिश रची कि अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचारी हैं। उन्होंने कहा, “लेकिन जज साहब ने फैसला सुनाया कि मोदी जी आप झूठ बोल रहे हैं। अरविंद केजरीवाल ईमानदार हैं। अरविंद केजरीवाल कट्टर ईमानदार है।”
“यह 600 पेज का कोर्ट का फैसला है। आम आदमी पार्टी को खत्म करने की साजिश थी। कोर्ट का ये फैसला बीजेपी और मोदी जी के गाल पर तमाचा है।”- अरविंद केजरीवाल
उन्होंने कहा कि बीजेपी ने सिर्फ कुछ लोगों के साथ नहीं, बल्कि पूरी दिल्ली के साथ धोखा किया है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि उनकी गिरफ्तारी के पीछे का मकसद उन्हें और उनकी पार्टी को बदनाम करना था।
‘पता नहीं मोदी जी मुझसे क्यों नफरत करते हैं’
अपने संबोधन में केजरीवाल ने अपनी निजी जिंदगी और करियर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “आज मैं अपनी नहीं देश की बात करने आया हूं। मुझे देश से प्यार है। आई लव इंडिया। मैं जब IIT में था तो मेरे बहुत अच्छे नंबर आते थे। मैं अमेरिका जा सकता था लेकिन नहीं गया।” उन्होंने इनकम टैक्स कमिश्नर के तौर पर अपनी ईमानदारी का किस्सा भी सुनाया।
केजरीवाल ने सवाल किया, “पता नहीं मोदी जी मुझसे क्यों नफरत करते हैं। मैंने तो उनका कुछ नहीं बिगाड़ा। इतनी जांच कराई। मैं चैलेंज देता हूं कि आज कोई ठेकेदार कह दे कि मैंने पैसा लिया, मैं राजनीति छोड़ दूंगा।”
विकसित भारत के नारे पर साधा निशाना
केजरीवाल ने केंद्र सरकार की नीतियों की भी आलोचना की। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि एक बच्चे ने उनसे कहा कि 12 साल ‘परीक्षा पर चर्चा’ सुनने के बाद भी पेपर लीक हो गया, इसलिए मोदी जी को यह नौटंकी बंद करनी चाहिए।
उन्होंने कहा, “मोदी जी कहते हैं कि विकसित भारत बनाना है। लेकिन पहले रहने लायक तो भारत बना लो। दुनिया चांद पर पहुंच गई, इनसे सड़कें नहीं बनीं। गुजरात में इतना भ्रष्टाचार है, उस पर एक्शन लो। केजरीवाल भ्रष्टाचारी नहीं है।” उन्होंने सोनम वांगचुक, महाराज मलिक और मनीष सिसोदिया जैसे लोगों को जेल में डालने का भी आरोप लगाया।






