MCD समेत स्थानीय निकायों को 687 करोड़ रुपये की BTA किस्त जारी, स्वच्छता के लिए 500 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज

दिल्ली सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए स्थानीय निकायों को बेसिक टैक्स असाइनमेंट (BTA) की ₹687.22 करोड़ की अंतिम किस्त जारी की है। इसके अलावा, दिल्ली को स्वच्छ बनाने के लिए MCD को ₹500 करोड़ की एकमुश्त वित्तीय सहायता भी दी गई है।
CM Rekha Gupta

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने राजधानी के स्थानीय निकायों को आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बेसिक टैक्स असाइनमेंट (BTA) की तीसरी और अंतिम किस्त के रूप में ₹687.22 करोड़ की राशि जारी करने को मंजूरी दे दी गई है। इस राशि का एक बड़ा हिस्सा दिल्ली नगर निगम (MCD) को मिलेगा।

शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यह फंड निकायों को नागरिक सेवाओं और विकासात्मक कार्यों को बेहतर बनाने में मदद करेगा। सरकार ने फंड के इस्तेमाल में पूरी पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन बरतने के सख्त निर्देश दिए हैं।

किस निकाय को कितनी राशि मिली?

जारी की गई कुल ₹687.22 करोड़ की राशि में से सबसे अधिक ₹673.12 करोड़ दिल्ली नगर निगम (MCD) को आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) को ₹8.36 करोड़ और दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड (DCB) को ₹5.73 करोड़ दिए गए हैं।

स्वच्छता मिशन के लिए MCD को अतिरिक्त फंड

BTA किस्त के अलावा, दिल्ली सरकार ने शहर में स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए MCD को ₹500 करोड़ की एकमुश्त विशेष वित्तीय सहायता भी प्रदान की है। मंत्री आशीष सूद ने बताया कि यह राशि कचरा प्रबंधन, स्वच्छता सेवाओं के संचालन और धूल प्रदूषण को कम करने जैसे कामों पर खर्च होगी।

इसके साथ ही, भविष्य में स्वच्छता सेवाओं में कोई कमी न आए, यह सुनिश्चित करने के लिए MCD को ₹300 करोड़ की नियमित वार्षिक सहायता भी दी जाएगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस राशि का उपयोग केवल स्वीकृत उद्देश्यों के लिए ही किया जाएगा और इसकी कड़ी निगरानी होगी।

‘निकायों को सक्षम बनाना लक्ष्य’

शहरी विकास मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्थानीय निकायों को समय पर वित्तीय सहायता देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि दिल्ली के हर नागरिक तक बेहतर सुविधाएं पहुंच सकें।

“मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार स्थानीय निकायों को आर्थिक रूप से सक्षम और सुदृढ़ बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस किस्त से निकायों को स्वच्छता, आधारभूत ढांचे और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।”- आशीष सूद, शहरी विकास मंत्री

उन्होंने जोर देकर कहा कि जारी की गई राशि केवल जनहित, आवश्यक नागरिक सेवाओं और विकास कार्यों पर ही खर्च की जाएगी। इससे दिल्ली के नागरिकों को बेहतर और समयबद्ध सुविधाएं मिलेंगी।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews