स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली मेट्रो का बदला शेड्यूल, सुबह 4 बजे से शुरू होंगी सेवाएं, निमंत्रण पत्र वालों के लिए खास QR टिकट सुविधा

स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए दिल्ली मेट्रो में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। DMRC के अनुसार, पीक ऑवर्स के दौरान कुछ मेट्रो स्टेशनों पर लंबी कतारें लग सकती हैं, खासकर समारोह स्थल के पास के स्टेशनों पर।
दिल्ली मेट्रो

दिल्ली मेट्रो

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय समारोह में आने-जाने वाले मेहमानों, आम नागरिकों और आमंत्रित अतिथियों की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने विशेष व्यवस्था की है। 15 अगस्त को सभी मेट्रो लाइनों पर सेवाएं सुबह 4:00 बजे से शुरू होंगी। डीएमआरसी की ओर से जारी बयान के अनुसार, सुबह 4:00 बजे से 6:00 बजे तक मेट्रो हर 30-30 मिनट के अंतराल पर सभी टर्मिनल स्टेशनों से चलेगी, ताकि लोग समय पर कार्यक्रम स्थल पहुंच सकें। इसके बाद, सुबह 6:00 बजे से मेट्रो पूरे दिन अपने सामान्य समय सारणी के अनुसार चलेगी।

निमंत्रण पत्र धारकों के लिए मुफ्त QR टिकट

रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी असली निमंत्रण पत्र रखने वाले लोगों को दिल्ली मेट्रो की ओर से एक विशेष QR टिकट दिया जाएगा। यह टिकट उन्हें लाल किले आने-जाने के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा देगा। इसका किराया रक्षा मंत्रालय द्वारा दिल्ली मेट्रो को चुकाया जाएगा। इस व्यवस्था से उन मेहमानों को आसानी होगी, जिन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। QR टिकट केवल उन्हीं लोगों को मिलेगा, जिनके पास असली निमंत्रण पत्र होगा।

लाल किले के पास के मेट्रो स्टेशन

लाल किले के सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन हैं –

लाल किला (वायलेट लाइन)
जामा मस्जिद (वायलेट लाइन)
दिल्ली गेट (वायलेट लाइन)
इन स्टेशनों से लाल किले तक पहुंचना सबसे सुविधाजनक रहेगा।

सभी लाइनों पर सुबह 4 बजे से सेवा

दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों – रेड, ब्लू, येलो, वायलेट, पिंक, मैजेंटा, ग्रे और एयरपोर्ट एक्सप्रेस पर सेवाएं सुबह 4:00 बजे से सभी टर्मिनल स्टेशनों से शुरू होंगी। सुबह 4:00 से 6:00 बजे के बीच हर 30 मिनट पर ट्रेन उपलब्ध होगी। इसके बाद मेट्रो अपने सामान्य शेड्यूल पर लौट आएगी।

सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन

स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए दिल्ली मेट्रो में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। DMRC के अनुसार, पीक ऑवर्स के दौरान कुछ मेट्रो स्टेशनों पर लंबी कतारें लग सकती हैं, खासकर समारोह स्थल के पास के स्टेशनों पर। सुरक्षा जांच में समय लगने के कारण यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है। मेट्रो स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।

यात्रियों के लिए जरूरी सलाह

अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं। कार्यक्रम स्थल पर समय से पहले पहुंचने के लिए पर्याप्त समय लेकर चलें। निमंत्रण पत्र और QR टिकट साथ रखना न भूलें। सुरक्षा जांच में सहयोग करें और मेट्रो नियमों का पालन करें। यह विशेष व्यवस्था केवल स्वतंत्रता दिवस के दिन लागू होगी। इसके बाद दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सामान्य समय के अनुसार संचालित होंगी। DMRC का उद्देश्य है कि समारोह में आने-जाने वालों को किसी भी प्रकार की यात्रा असुविधा न हो और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews