MP Breaking News

दिल्ली के सत्य निकेतन में भरभराकर ढही इमारत, कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक इमारत के ढह जाने से हड़कंप मच गया है। मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। राहत-बचाव के लिए दमकल, NDRF, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर जुटी हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
Delhi Building Collapse

नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन इलाके में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां एक तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। इमारत के मलबे में कई छात्रों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना की जानकारी मिलते ही फायर डिपार्टमेंट, पुल‍िस और प्रशासन के अधि‍कारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। रेस्‍क्‍यू ऑपरेशन जारी है।

सत्य निकेतन इलाके में एक हॉस्टल की इमारत के गिरने के बाद अब मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चलाया जा रहा है। मौके पर जेसीबी के साथ-साथ दमकल की भी करीब 12 गाड़िया मौके पर मौजूद हैं। अंदर फंसे लोगों को जल्द से जल्द निकालने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक, जो बिल्डिंग गिरी है वह 5 मंजिला थी। यह इमारत कैसे गिरी इसको लेकर भी जांच की जा रही है। स्थानीय लोग भी प्रशासन के साथ सक्रिय रूप से मदद करने में जुटे हुए हैं। दिल्ली पुलिस के अनुसार, अभी फंसे या घायल लोगों की सही संख्या पता नहीं है। अब तक 6 लोगों को बचाया गया है।

इस घटना पर सीएम रेखा गुप्ता का बयान

इस घटना पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की प्रतिक्रिया सामने आई है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि सत्य निकेतन, आरके पुरम में बिल्डिंग गिरने की घटना से उन्हें दुख हुआ है। DDMA, NDRF, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, MCD, CATS और सिविल डिफेंस की टीमें युद्ध स्तर पर बचाव अभियान चला रही हैं। हालात पर करीब से नजर रखी जा रही है और सभी संबंधित एजेंसियां ​​मिलकर काम कर रही हैं। हर नागरिक की सुरक्षा और भलाई हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

मंत्री आशीष सूद ने अधिकारियों को दिए निर्देश

दिल्ली के मंत्री आशीष सूद ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। संबंधित टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही हैं। मंत्री ने अधिकारियों को स्थिति पर लगातार नजर रखने और मौके पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

कांग्रेस ने सरकार से युद्धस्तर पर राहत-बचाव की अपील की

इस घटना पर कांग्रेस ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट साझा कर लिखा है कि दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन में इमारत गिरने की खबर बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। खबरों के मुताबिक, इस इमारत में ज्यादातर दिल्ली विश्वविद्याल के छात्र रहते थे, जिनके मलबे में दबे होने की जानकारी मिल रही है। घटना के तुरंत बाद से NSUI के साथी मौके पर हर संभव मदद करने में जुटे हैं। सरकार से अपील है कि युद्धस्तर पर राहत बचाव कार्य चलाएं, मलबे में दबे छात्रों और लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकाला जाए।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews
दिल्ली के सत्य निकेतन में भरभराकर ढही इमारत, कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी - MP Breaking News