
सांकेतिक तस्वीर
राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली जिसके बाद अफरातफरी मच गई। दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) द्वारका, सर्वोदय सीनियर सेकेंडरी स्कूल (महरौली), कृष्णा मॉडल पब्लिक स्कूल (नजफगढ़) सहित कई स्कूलों को सुबह धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए। स्कूल प्रबंधन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए परिसर खाली कराए और दिल्ली पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही पुलिस इन स्कूलों में पहुंच गई और स्कूल को खाली कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब तक तलाशी के दौरान किसी संदिग्ध वस्तु का पता नहीं चला है और सर्च ऑपरेशन जारी है।
दिल्ली के कई स्कूलों को मिली धमकी
दिल्ली पब्लिक स्कूल द्वारका, सर्वोदय सीनियर सेकेंडरी स्कूल और नजफगढ़ स्थित कृष्णा मॉडल पब्लिक स्कूल समेत कई स्कूलों को धमकी भरे ईमेल और फोन आए।सुबह 7 बजे के आसपास जब छात्र और शिक्षक स्कूल पहुंच चुके थे तब धमकी भरे मेल ने स्कूल प्रशासन को सकते में डाल दिया। बच्चों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया और स्कूल कैंपस को खाली कराया गया।
पुलिस जांच जारी
सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस बम डिस्पोजल स्क्वॉड और फायर डिपार्टमेंट की टीमें तत्काल मौके पर पहुंची सघन तलाशी शुरू की। प्रारंभिक जांच में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है लेकिन सर्च ऑपरेशन जारी है। गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में दिल्ली के कई स्कूलों को इसी तरह की धमकी भरे ईमेल और कॉल मिल चुके हैं। हर बार बच्चों को सुरक्षित निकालकर स्कूल बंद करना पड़ता है जिससे पढ़ाई बाधित होती है। हालांकि अब तक सभी धमकियां फर्जी साबित हुई हैं लेकिन इस सिलसिले ने स्कूलों में एक डर का माहौल बना दिया है।
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

