दिल्ली बनेगा वैश्विक पर्यटन हब, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान, बताई पूरी योजना

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली को केवल ट्रांजिट हब नहीं, बल्कि एक प्रमुख वैश्विक पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की बात कही। सीएम ने कहा कि देश की राजधानी होने के कारण दिल्ली का वैश्विक स्तर पर विशेष महत्व है। भारत आने वाले पर्यटकों के लिए यह एक प्रमुख आकर्षण बन सकती है।
Rekha Gupta

दिल्ली को अब केवल एक ट्रांजिट हब नहीं, बल्कि एक प्रमुख वैश्विक पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित किया जाएगा। यह घोषणा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को आयोजित पर्यटन हितधारक सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होते हुए की। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में पर्यटन, आतिथ्य, विरासत, आध्यात्मिक, डिजिटल, मेडिकल और वेलनेस टूरिज्म, नाइट टूरिज्म तथा दिल्ली की ब्रैंड पोजिशनिंग जैसे अहम विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सम्मेलन में उद्योग जगत, नीति-निर्माताओं और विशेषज्ञों की सक्रिय भागीदारी से कई ठोस और उपयोगी सुझाव सामने आए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इन सुझावों और फीडबैक को आगामी नीतियों और योजनाओं में शामिल किया जाएगा, जिससे दिल्ली के पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा मिल सके और इसे और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

इस कार्यक्रम में कला, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा और दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) के प्रबंध निदेशक सुनील अंचिपाका भी उपस्थित रहे। उनके अतिरिक्त पर्यटन व अन्य क्षेत्रों से जुड़े कई विशेषज्ञ भी इस सम्मेलन का हिस्सा बने।

दिल्ली को वैश्विक पर्यटन हब बनाने की विस्तृत योजना

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली को वैश्विक पर्यटन हब बनाने की अपनी योजना को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि देश की राजधानी होने के कारण दिल्ली का वैश्विक स्तर पर विशेष महत्व है। भारत आने वाले पर्यटकों के लिए यह एक प्रमुख आकर्षण बन सकती है। इसी के साथ उन्होंने जोर दिया कि अब समय आ गया है कि दिल्ली को केवल एक गुजरने की जगह नहीं, बल्कि एक ऐसी डेस्टिनेशन सिटी के रूप में विकसित किया जाए, जहां पर्यटक ठहरें, अनुभव लें और बार-बार लौटकर आएं।

रेखा गुप्ता ने दिल्ली की अनूठी विशेषताओं को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि यहां संसद, राष्ट्रपति भवन, इंडिया गेट और प्रधानमंत्री संग्रहालय जैसे प्रतिष्ठित शक्ति केंद्र स्थित हैं। साथ ही, लाल किला और कुतुब मीनार जैसी समृद्ध ऐतिहासिक धरोहर, विविध संस्कृति और देशभर की झलक तथा दिल्ली का अनूठा और विविधतापूर्ण खानपान इसे एक सम्पूर्ण पर्यटन अनुभव प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि दिल्ली सरकार राजधानी की सकारात्मक ब्रैंडिंग पर विशेष जोर दे रही है। इसका उद्देश्य इसे पर्यटन के साथ-साथ चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में भी एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है। सरकार का लक्ष्य है कि देश और दुनिया भर से अधिक से अधिक लोग दिल्ली आएं, यहां ठहरें और यहां के अनुभवों को अपने साथ लेकर जाएं।

नाइट टूरिज्म से दिल्ली की रौनक बढ़ने पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बड़े कॉन्सर्ट, फिल्म फेस्टिवल और सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा दे रही है, जिससे दिल्ली की वैश्विक पहचान मजबूत हो रही है। इसी के साथ, फिल्म नीति और सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से उद्योग को सरल, पारदर्शी और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

डीटीटीडीसी ने पर्यटन बढ़ाने के लिए किए अहम समझौते

इस विशेष कार्यक्रम के दौरान दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) द्वारा पर्यटन क्षेत्र में सहयोग और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। डीटीटीडीसी ने अगोडा, मेक माई ट्रिप फाउंडेशन और सभ्यता फाउंडेशन के साथ साझेदारियां की हैं। ये साझेदारियां डिजिटल इनोवेशन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, अवसंरचना विकास और सतत पर्यटन को बढ़ावा देंगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई कि दिल्ली सरकार इस दिशा में पूरी लगन के साथ काम कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सम्मेलन राजधानी के पर्यटन क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा और आने वाले समय में इसके सकारात्मक परिणाम निश्चित रूप से दिखाई देंगे।

दिल्ली को विश्वस्तरीय पर्यटन हब बनाने की दिशा में तेजी

दिल्ली के कला, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने इस अवसर पर कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी को एक विश्वस्तरीय पर्यटन हब बनाने के लिए तेजी से काम कर रही है। उन्होंने दिल्ली टूरिज्म बोर्ड के गठन, सिंगल विंडो क्लीयरेंस व्यवस्था, प्रमुख प्रवेश द्वारों के सौंदर्यीकरण, यूनिटी मॉल के निर्माण और दिल्ली की विरासत, संस्कृति व खानपान को एकीकृत कर नए पर्यटन अनुभव विकसित करने की दिशा में ठोस कदमों का उल्लेख किया।

कपिल मिश्रा ने यह भी बताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से दिल्ली को एक विशिष्ट वैश्विक पर्यटन गंतव्य बनाया जाएगा, ताकि यह बदलते भारत का चेहरा बन सके। उनके अनुसार, सम्मेलन के दौरान प्राप्त सुझावों और अनुशंसाओं को आगामी नीतियों और योजनाओं में शामिल किया जाएगा, ताकि दिल्ली को पर्यटन, संस्कृति और आतिथ्य के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews