शहीद दिवस: दिल्ली में आज ट्रैफिक डायवर्जन, राजघाट और ITO के पास इन रास्तों पर जाने से बचें

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर 30 जनवरी को यानी आज राजघाट में होने वाले कार्यक्रम के चलते दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। सुबह 9 से 12 बजे तक VVIP मूवमेंट के कारण आईटीओ, दिल्ली गेट समेत कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।
शहीद दिवस: दिल्ली में आज ट्रैफिक डायवर्जन, राजघाट और ITO के पास इन रास्तों पर जाने से बचें

शहीद दिवस के अवसर पर मंगलवार, 30 जनवरी को दिल्ली के कई इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की स्मृति में राजघाट पर एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कई VVIP हस्तियां शामिल होंगी। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर लोगों को कुछ खास रास्तों से बचने की सलाह दी है।

पुलिस के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। VVIP मूवमेंट को सुगम बनाने के लिए सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच जरूरत के अनुसार ट्रैफिक को नियंत्रित या डायवर्ट किया जाएगा। मुख्य रूप से मध्य दिल्ली के आईटीओ, दिल्ली गेट और राजघाट के आसपास के इलाकों में यातायात पर असर पड़ने की संभावना है।

इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा असर

ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक कई महत्वपूर्ण सड़कों पर यातायात की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।

इनमें बहादुर शाह जफर मार्ग पर आईटीओ चौक से दिल्ली गेट तक का हिस्सा, शांतिवन चौक से आई.पी. फ्लाईओवर, आसफ अली रोड (दिल्ली गेट से एन.एस. मार्ग), शांतिवन चौक से निषाद राज मार्ग, गुरु नानक चौक से रणजीत सिंह फ्लाईओवर और राजघाट डीटीसी डिपो से रिंग रोड बायपास तक की सड़कें शामिल हैं। जरूरत पड़ने पर इन मार्गों से ट्रैफिक को दूसरे रास्तों पर मोड़ा जाएगा।

पुलिस ने वाहन चालकों से की अपील

दिल्ली पुलिस ने वाहन चालकों से धैर्य रखने और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे प्रभावित सड़कों का इस्तेमाल करने से बचें और अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें।

पुलिस ने कहा, “जहां तक संभव हो, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और सड़क किनारे पार्किंग से बचें, ताकि ट्रैफिक जाम की स्थिति न बने।” इसके अलावा, किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति के दिखने पर इसकी सूचना तुरंत 112 नंबर पर देने की सलाह दी गई है। ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने का भी आग्रह किया गया है।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews