एबीवीपी का बड़ा वादा: डीयूएसयू चुनाव में एबीवीपी ने किया शानदार प्रचार, छात्रों को दिया यह बड़ा तोहफा

एबीवीपी का बड़ा वादा: डीयूएसयू चुनाव में एबीवीपी ने किया शानदार प्रचार, छात्रों को दिया यह बड़ा तोहफा

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव को लेकर कैंपस में सरगर्मी तेज हो गई है। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे प्रत्याशियों का प्रचार-प्रसार भी बढ़ता जा रहा है। इस कड़ी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का केंद्रीय पैनल नॉर्थ, साउथ और ऑफ-कैंपस कॉलेजों में सक्रिय नजर आया। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी आर्यन मान, उपाध्यक्ष गोविंद तंवर, सचिव कुणाल चौधरी और संयुक्त सचिव दीपिका झा ने छात्रों से मिलकर अपना घोषणापत्र साझा किया। उम्मीदवारों ने बताया कि उनकी योजनाएं सीधे छात्रहित में हैं और इस बार ABVP सभी सीटों पर जीत के लिए पूरी तरह तैयार है।


कैंपस-कैंपस पहुंचे उम्मीदवार, छात्रों से किया संवाद

ABVP के प्रत्याशियों ने आयुर्वेदिक, यूनानी, तिब्बिया कॉलेज, अरबिंदो कॉलेज, सत्यवती कॉलेज, दयाल सिंह कॉलेज, रामानुजन कॉलेज, देशबंधु कॉलेज, श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज, वेंकटेश्वर कॉलेज, विवेकानंद कॉलेज और जाकिर हुसैन कॉलेज समेत कई कॉलेजों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों की समस्याएं सुनी और उनका समाधान करने का भरोसा दिया। आर्यन मान ने बताया कि ABVP को छात्रों का भरपूर समर्थन मिल रहा है और पूर्व के DUSU कार्यकाल में उन्होंने यू-स्पेशल बस सेवा और ICC संचालन जैसे कदम उठाए। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे ABVP के 3-1-3-4 बैलेट नंबर पर भरोसा करें।


ABVP की योजनाओं पर खास जोर

उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी गोविंद तंवर ने बताया कि ABVP पूरे साल छात्रों के बीच सक्रिय रहती है। उनकी आगामी योजनाओं में यूनिवर्सिटी हेल्थ कार्ड, ओपन जिम, सस्ती स्वास्थ्य बीमा योजना और जॉब मेले शामिल हैं। सचिव प्रत्याशी कुणाल चौधरी ने नॉर्थ कैंपस में अनिश्चितकालीन धरना देकर प्रशासन से मांगें मनवाने का जिक्र किया। उन्होंने यह भी कहा कि इस साल ABVP का फोकस प्लेसमेंट, 10 हजार से अधिक इंटर्नशिप, मुफ्त AI टूल्स सर्टिफिकेशन और अंतिम साल के छात्रों के लिए रिसर्च पेपर सुविधा पर रहेगा।


महिला सशक्तिकरण और छात्राओं के लिए विशेष योजनाएं

संयुक्त सचिव प्रत्याशी दीपिका झा ने छात्राओं से मिले समर्थन के लिए आभार जताया। उन्होंने महिला सुरक्षा और सुविधा पर जोर देते हुए हर कॉलेज में महिला छात्रावास, पैड वेंडिंग मशीन, स्थायी स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति, ट्रांसजेंडर छात्रवृत्ति और कॉलेजों के बाहर पिंक बूथ जैसी घोषणाएं कीं। उनका कहना था कि छात्राओं का विश्वास ABVP की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने भरोसा जताया कि इसी सहारे ABVP चारों सीटों पर विजय हासिल करेगी और दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews