अब त्योहारों के आसपास नहीं बढ़ेगा विमानों का किराया, डीजीसीए ने दिए सख्त निर्देश

अक्टूबर का महीना बेहद खास होने वाला है। दरअसल, इस महीने में दिवाली का बड़ा त्यौहार आ रहा है। ऐसे में अक्सर बड़े त्यौहारों के आसपास विमान का किराया बढ़ जाता है, लेकिन अब डीजीसीए ने त्योहार से पहले समीक्षा बैठक की है और एयरलाइंस को यह साफ कर दिया है कि मनचाहा किराया नहीं बढ़ाया जा सकेगा।
अब त्योहारों के आसपास नहीं बढ़ेगा विमानों का किराया, डीजीसीए ने दिए सख्त निर्देश

रविवार को डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन के साथ हुई मीटिंग के बाद एयर इंडिया, इंडिगो और स्पाइसजेट जैसी कंपनियों ने बड़ा फैसला लिया है। अब दिवाली सीजन को देखते हुए एयरलाइंस द्वारा 1700 से ज्यादा एक्स्ट्रा फ्लाइट्स बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा डीजीसीए ने इस मीटिंग में एयरलाइंस की मनमानी किराया बढ़ोतरी पर भी सख्ती दिखाई है। डीजीसीए की ओर से कहा गया है कि मिनिस्ट्री ऑफ सिविल एविएशन के निर्देश पर अब हाई डिमांड वाले रूट पर नजर रखी जा रही है और कोई भी मनमाने ढंग से किराया नहीं बढ़ा सकेगा।

इस मीटिंग की जानकारी पीआईबी द्वारा दी गई। पीआईबी ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल X पर पोस्ट करते हुए बताया कि त्योहारों की भीड़ से पहले डीजीसीए द्वारा हवाई किराए के रुझान की समीक्षा की गई है।

अब 1700 एक्स्ट्रा फ्लाइट्स उड़ान भरेंगी

जानकारी दें कि इंडिगो द्वारा सबसे ज्यादा फ्लाइट्स बढ़ाई जा रही हैं। त्योहारों को देखते हुए एयरलाइंस ने यह निर्णय लिया है। इंडिगो 730 फ्लाइट्स बढ़ा रही है। डीजीसीए के साथ हुई मीटिंग के बाद एयरलाइंस ने 42 रूट पर 730 अतिरिक्त फ्लाइट्स बढ़ाने का निर्णय लिया है, जबकि एयर इंडिया और इंडिया एक्सप्रेस की ओर से 20 रूट के लिए 486 फ्लाइट्स बढ़ाने का फैसला किया गया है। वहीं, 38 रूट के लिए स्पाइसजेट की ओर से 546 अतिरिक्त फ्लाइट्स बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। यानी दिवाली के इस बड़े त्यौहार के सीजन पर अब 1700 एक्स्ट्रा फ्लाइट्स उड़ान भरेंगी, जिससे लोगों को अपने घर पहुंचने में आसानी होगी।

एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमत लगातार बढ़ रही

हालांकि पिछले कुछ समय में विमान की टिकटों में बढ़ोतरी हुई है। इसका कारण एविएशन टर्बाइन फ्यूल रहा है, जिसकी कीमत लगातार बढ़ रही है। इससे टिकटों में भी वृद्धि हो रही है। पिछले 4 महीनों पर नजर डाली जाए तो एविएशन टर्बाइन फ्यूल लगभग 12,000 रुपये प्रति किलोलीटर बढ़ा है। इसका सीधा असर टिकटों की कीमत पर भी पड़ता है और टिकटों की कीमत बढ़ जाती है। हालांकि त्योहारों से पहले डीजीसीए की ओर से यह साफ कहा गया है कि मनमाने ढंग से किराए बढ़ाने पर नजर रखी जा रही है और कोई भी मनचाहा किराया नहीं बढ़ा सकेगा।

बता दें कि हाल ही में विमान में खराबी के कई बड़े मामले सामने आए थे। एयर इंडिया के बोइंग 787 विमान में हुई एक घटना के बाद अब फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स द्वारा डीजीसीए को एक पत्र लिखा गया है, जिसमें देश के सभी बोइंग 787 विमानों के इलेक्ट्रिक सिस्टम की पूरी तरह से जांच करने का आग्रह किया गया है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews