मेट्रो को दिल्ली की लाइफ लाइन ऐसे ही नहीं कहा जाता। हर दिन हजारों लोग इससे सफर करते हैं और अपने गंतव्य पर पहुंचते हैं। अब लोगों को मेट्रो से यात्रा करना महंगा पड़ सकता है क्योंकि DMRC ने किराए में वृद्धि का ऐलान सोमवार को कर दिया है। इसका असर यात्रा करने वाले सभी यात्रियों पर पड़ने वाला है।

मेट्रो में किराया बढ़ाया जाने का यह सिलसिला 8 साल बाद देखने को मिला है। डीएमआरसी ने जो नए रेट जारी किए हैं वह 25 अगस्त से प्रभावी होने वाले हैं। चलिए लेते हैं किराए में कितनी वृद्धि हुई है ताकि अगर आप मेट्रो से सफर करते हैं तो आपको इस बात की जानकारी रहे।

DMRC ने बढ़ाया मेट्रो का किराया

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने 25 अगस्त 2025 से मेट्रो ट्रेन में सफर का किराया बढ़ा दिया है। DMRC ने इस बारे में जानकारी दी है। ये बढ़ोत्तरी न्यूनतम है जो यात्रा की दूरी के आधार पर 1 से 4 रुपए तक बढ़ाई गई है। एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन तक सफर करने के लिए किराया 5 रुपए बढ़ाया गया है।

कितना लगेगा किराया

जो नया स्लैब जारी किया गया है उसके मुताबिक अगर लंबी दूरी की यात्रा करनी है तो 64 रुपए टिकट लगेगा जो पहले 60 रुपए लगा करता था। किलोमीटर के हिसाब से देखें तो 2 किलोमीटर तक 11 रुपए, दो से पांच किलोमीटर तक 21 रुपए, 5 से 12 किलोमीटर तक 32 रुपए रविवार और राष्ट्रीय अवकाश पर 21 रुपए, 12 से 21 किलोमीटर तक 43 रुपए रविवार और राष्ट्रीय अवकाश पर 32 रुपए, 21 से 32 किलोमीटर तक 54 रुपए रविवार और राष्ट्रीय अवकाश पर 43 रुपए, 32 किलोमीटर से ज्यादा की यात्रा पर 64 रुपए रविवार और राष्ट्रीय अवकाश पर 54 रुपए किराया लगेगा।