
Republic Day 2024: गणतंत्र दिवस का त्योहार देशभर में धूमधाम और देशभक्ति के साथ मनाया जाता है। इस दिन परेड का आयोजन भी किया जाता है जिसमें कई सारी चीज आकर्षण का केंद्र रहती है। ढोल की थाप पर एक ही लय में मार्च पास्ट करते जवान हों या फिर हवा में करतब दिखाते वायुसेना के हेलीकॉप्टर सब कुछ बहुत ही खास अंदाज में किया जाता है।
गणतंत्र दिवस के मौके पर इस बार फ्लाई पास्ट के दौरान उड़ाए जाने के लिए हेरिटेज विमान डकोटा को शामिल किया गया है। इनमें से दो विमान डोर्नियर भी होने वाले हैं जो टरबाइन फ्यूल और बायोफ्यूल के जरिए उड़ान भरेंगे।
परेड में क्या होगा खास
इस बार गणतंत्र दिवस की परेड काफी खास होने वाली है क्योंकि इसमें भारत में निर्मित हथियार प्रणाली की झलक मौजूद दर्शकों को देखने को मिलने वाली है। इस दौरान भारतीय सेना के पिनाका मल्टी बैरल रॉकेट लांचर, प्रचंड हेलीकॉप्टर और एंटी टैंक मिसाइल प्रदर्शित की जाने वाली है। बता दें कि प्रचंड भारत द्वारा निर्मित पहला स्वदेशी मल्टी कोंबेंट हेलीकॉप्टर है जो जमीनी हमले करने के साथ हवा में लड़ने की क्षमता भी रखता है। इसमें नेविगेशन प्रणाली, नजदीकी लड़ाई लड़ने के लिए बंदूके और हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइल लगाई गई है।
कर्तव्य पथ पर होगा मार्च
इस साल कर्तव्य पथ पर जो मार्च होने वाला है उसमें लाइट स्पेशलिस्ट व्हीकल, क्विक फाइटिंग रिएक्शन व्हीकल, ऑल टेरेन व्हीकल नजर आएंगे। इसके अलावा बीएमपी 2 पैदल सेना लड़ाकू वाहन, ड्रोन जैमर, हवा में मार करने वाली मिसाइल, टी 90 टैंक समेत मल्टी फंक्शन रडार भी प्रदर्शित किया जाएगा।
लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर के साथ भारतीय सेवा ध्रुव हेलीकॉप्टर का प्रदर्शन भी करने वाली है जिसे रुद्र के नाम से पहचाना जाता है। परेड में जो हथियार प्रणाली प्रदर्शित की जाएगी उसमें स्वाति और पिनाका रडार को भी शामिल किया गया है जिन्हें भारतीय संस्थानों द्वारा बनाकर विदेश में भी निर्यात किया गया है। ये दोनों डीआरडीओ द्वारा विकसित किए गए हैं और 45 किलोमीटर तक की दूरी तक लक्ष्य निर्धारित कर हमला कर सकते हैं।
तीनों सेनाओं की महिला टुकड़ी
इस बार गणतंत्र दिवस की परेड में तीनों सेनाओं की महिला जवानों की टुकड़ी आकर्षण का केंद्र रहने वाली है। 148 सदस्यों की यह टीम पिछले 2 महीने से अपने अभ्यास में जुटी हुई है। यह पहली बार है जब तीनों सेनाओं की महिला टुकड़ी एक साथ परेड करने वाली है। इन तीनों के परेड करने का तरीका अलग है लेकिन फिर भी यह एक साथ कदमताल करती नजर आएंगी।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

