राहुल गांधी के आरोपों को ECI ने बताया असत्य और आधारहीन, कहा- आम नागरिक ऑनलाइन वोट डिलीट नहीं कर सकते

राहुल गांधी ने कहा कि टारगेट कर कांग्रेस के वोट डिलीट किए जा रहे हैं। उन 10 बूथों को निशाना बनाया गया, जहां कांग्रेस मजबूत थी, ये वो बूथ थे, जहां 2018 के चुनाव में 10 में से 8 कांग्रेस जीती थी,इन 8 बूथों में से 6 हजार लोगों के नाम वोटर लिस्ट से काट दिए गए ये एक साजिश के तहत सेंट्रलाइज्ड तरीके से की गई 'वोट चोरी' है।
ECI Rahul Gandhi

राहुल गांधी ने आज नई दिल्ली के इंदिरा भवन ऑडिटोरियम में करीब 45 मिनट लम्बी प्रेस कांफ्रेंस कर एक बार फिर वोट चोरी के आरोपों को दोहराया, इस बार राहुल ने कुछ लोगों को मंच पर बुलाकर उनके नाम उनकी जानकारी के बगैर काटे जाने के सबूत पेश किये, राहुल ने दावा किया कि इन लोगों के वोट किसी ने ऑनलाइन डिलीट कर दिए, राहुल गांधी ने कर्नाटक की आलंद विधानसभा के उदाहरण देकर पूछा, नाम डिलीट करने वाला वो ‘तीसरा’ व्यक्ति कौन है? हालाँकि राहुल गांधी के इस दावे को चुनाव आयोग ने असत्य और आधारहीन बताया है।

राहुल गांधी आज एक बार फिर अटैकिंग मूड में मंच पर आये, पिछले कुछ दिनों से हाइड्रोजन बम फोड़ने का दावा करने वाले राहुल गांधी ने आते ही सबसे पहले कहा कि आज जो मैं आपको दिखाने वाला हूँ वो एच बम नहीं है यानि हाइड्रोजन बम नहीं है वो आगे आयेगा लेकिन जो हम दिखाने वाले है वो भी इस अभियान में एक मील का पत्थर है, राहुल ने एक बड़ी से स्क्रीन पर वोट चोरी फैक्ट्री द आलंद फाइल्स की स्लाइड दिखाते हुए चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर आरोपों का सिलसिला शुरू किया।

एक मतदाता के नाम पर 12 वोट डिलीट करने का दावा

राहुल गांधी ने कर्नाटक की आलंद विधानसभा का उदाहरण देते हुए दावा किया कि मतदाता गोदाबाई के नाम पर 12 वोटर डिलीट किए गए हैं, जिनके बारे में गोदाबाई को कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा अब सवाल ये है कि जिन नंबर से 12 वोटर डिलीट किए गए, वो किनके नंबर हैं? ये मोबाइल नंबर किसने और कहां से ऑपरेट किए? इन नंबरों का IP एड्रेस क्या था? डिलीट करने के लिए OTP किसको गया? जब इन नंबरों पर फोन किया जाता है, तो कोई जवाब नहीं आता।

राहुल गांधी ने उदाहरण के साथ पूछे कई सवाल 

राहुल गांधी ने एक मतदाता सूर्यकांत को भी मंच पर बुलाया और फिर बताया कि इन्होने 12 वोटर्स को 14 मिनट में डिलीट कर दिया। लेकिन जब हमने इनसे पूछा कि आपने ये कैसे किया? तब इन्होंने कहा कि हमने वोटर डिलीट नहीं किए, हमें इस बारे में कोई जानकारी ही नहीं है। राहुल बोले  इस ‘वोट चोरी’ में खास बात है, जो भी वोटर लिस्ट से नाम डिलीट कर रहा है, उसका सीरियल नंबर 01 है। साफ है कि सॉफ्टवेयर से ये काम किया जा रहा है- साफ्टवेयर कह रहा है कि पहला नाम निकालो और उसके जरिए नाम डिलीट करो।

CEC ज्ञानेश कुमार पर राहुल गांधी के गंभीर आरोप  

राहुल गांधी ने इसके बाद ज्ञानेश कुमार का नाम लेकर उनपर वोट चोरी करने वालों को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया, और उनसे कुछ सवाल करते हुए महाराष्ट्र की राजुरा विधानसभा से संबंधित कुछ जानकारियां एक सप्ताह में देने का अल्टीमेटम दिया और कहा कि  यदि चुनाव आयोग ऐसा नहीं करता तो स्पष्ट हो जायेगा कि आप भी संविधान की हत्या करने वालों के साथ हैं।

राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोप गलत और निराधार: ECI 

उधर राहुल गांधी के आरोपों पर निर्वाचन आयोग ने तत्काल जवाब दिया और X पर लिखा –  राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोप गलत और निराधार हैं। ECI की तरफ से कहा गया कि किसी भी आम आदमी द्वारा ऑनलाइन किसी भी वोट को हटाया नहीं जा सकता,  राहुल गांधी ने ये एक गलत धारणा बना रखी है।

चुनाव आयोग ने दर्ज की है एफआईआर, चल रही जाँच  

चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि 2023 मे आलंद विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं के नाम हटाने के कुछ असफल प्रयास किए गए और मामले की जाँच के लिए स्वयं चुनाव आयोग द्वारा एक एफ आई आर दर्ज की गई जिसकी जाँच की जा रही है। आयोग ने कहा रिकॉर्ड के अनुसार, आलंद विधानसभा क्षेत्र से 2018 में सुभाध गुट्टेदार (भाजपा) और 2023 में बीआर पाटिल (कांग्रेस) ने जीत हासिल की थी।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews