पश्चिम बंगाल SSC शिक्षक भर्ती घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, 698 करोड़ की संपत्ति अटैच

ईडी कोलकाता ने एसएससी शिक्षक भर्ती घोटाले में बड़ा कदम उठाया है। करोड़ों की संपत्ति की कुर्की की गई है। आरोपियों में एमएलए जीवन कृष्ण साहा शामिल हैं। 
ED action

पश्चिम बंगाल केंद्रीय विद्यालय सेवा आयोग सहायक शिक्षक भर्ती घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय की बड़ी कार्रवाई (ED Action) सामने आई है। ईडी कोलकाता जोनल ऑफिस ने बुधवार को विधायक जीवन कृष्णा साहा, प्रसन्न कुमार राय और अन्य आरोपियों की करोड़ों की अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से जब्त कर लिया है। ईडी का आरोप है कि ये संपत्तियाँ कक्षा 9वीं से 12 वीं तक 25,000 सहायक शिक्षकों की गैरकानूनी नियुक्ति घोटाले से संबंधित पैसे से खरीदी गई थीं।

अटैच की गई संपत्तियों में रेजिडेंशियल अपार्टमेंट, विला और जमीन के टुकड़े शामिल हैं। जो नॉर्थ 24 परगना जिले के राजारहाट, न्यू टाउन, पाथरघाटा, गरागरी, और आसपास के दूसरे इलाकों के साथ-साथ मुर्शिदाबाद और पुरबा वर्धमान जिलों में स्थित हैं। इन संपत्तियों में कोलकाता हाउसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन हेडक्वाटर द्वारा विकसित क्षेत्र भी शामिल हैं। जिसकी रकम 57.78 करोड़ रुपये है।

क्या है मामला?

यह एक्शन ईडी ने सीबीआई की जांच के आधार पर शुरू किया, जो कोलकाता हाई कोर्ट के निर्देश पर दर्ज की गई थी। यह कार्रवाई WBSSC सहायक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर हुई गड़बड़ी से जुड़ी है। जिसमें ओएमआर शीट और पर्सनैलिटी टेस्ट से जुड़े स्कोर के साथ छेड़छाड़ की गई थी। उम्मीदवारों से रिश्वत लेकर नियुक्ति पत्र दिए गए थे।

जांच में पता चला कि प्रसन्न कुमार रॉय ने इस स्कैम में मुख्य बिचौलिए का काम किया और अपने साथियों के साथ मिलकर गैर-कानूनी नियुक्तियां दिलाने के लिए आयोग उम्मीदवारों से भारी मात्रा में पैसे लिए। जिसका इस्तेमाल अचल संपत्तियां खरीदने के लिए किया गया। पत्नी नीलिमा मंगल के नाम पर भी बड़ी संख्या में प्रॉपर्टी खरीदी गई थी। इस धोखाधड़ी के मामले में टीएमसी एमएलए जीवन कृष्ण शाह भी शामिल हैं। जिन्हें ईडी ने मुर्शिदाबाद में घर की तलाशी से भागने की कोशिश के बाद गिरफ्तार कर लिया था। वह ग्रुप सी, ग्रुप डी और सहायक शिक्षक भर्ती घोटाले से कमाए गए पैसे से परिवार के सदस्यों के नाम पर संपत्ति खरीद रहे थे।

600 करोड़ से अधिक की संपत्ति अटैच 

इससे पहले पश्चिम बंगाल राज्य में ग्रुप सी और ग्रुप डी भर्ती घोटाला के मामले में 247 करोड़ रुपये की संपत्ति के अटैच की गई थी। वहीं सहायक शिक्षक भर्ती स्कैम में अब तक ईडी 238.78 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी अटैच कर चुका है। इसके अलावा प्रायमरी टीचर्स भर्ती स्कैम के एक और मामले में 154 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी जब्त की गई है। इस तरीके से इन मामलों में कोलकाता ईडी अब तक 698 करोड़ रुपये की संपत्तियों की कुर्की कर चुका है।

Manisha Kumari Pandey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता जनकल्याण का माध्यम है। एक पत्रकार का काम नई जानकारी को उजागर करना और उस जानकारी को एक संदर्भ में रखना है। ताकि उस जानकारी का इस्तेमाल मानव की स्थिति को सुधारने में हो सकें। देश और दुनिया धीरे–धीरे बदल रही है। आधुनिक जनसंपर्क का विस्तार भी हो रहा है। लेकिन एक पत्रकार का किरदार वैसा ही जैसे आजादी के पहले था। समाज के मुद्दों को समाज तक पहुंचाना। स्वयं के लाभ को न देख सेवा को प्राथमिकता देना यही पत्रकारिता है। अच्छी पत्रकारिता बेहतर दुनिया बनाने की क्षमता रखती है। इसलिए भारतीय संविधान में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ बताया गया है। हेनरी ल्यूस ने कहा है, " प्रकाशन एक व्यवसाय है, लेकिन पत्रकारिता कभी व्यवसाय नहीं थी और आज भी नहीं है और न ही यह कोई पेशा है।" पत्रकारिता समाजसेवा है और मुझे गर्व है कि "मैं एक पत्रकार हूं।" View all posts by Manisha Kumari Pandey →
Follow Us :GoogleNews