BJP का राहुल गांधी पर बड़ा हमला, पूछा- अचानक ‘सरेंडर गांधी’ कैसे बन गए? Elon Musk को भी दी नसीहत

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव ने कहा 'सरेंडर गांधी' एलन मस्क को खुश करने की कितनी भी कोशिश कर लें, जिसे जब मिलना होगा, बिना किसी भेदभाव के मिलेगा।
Elon Musk, Rahul Gandhi, Ram Madhav

Elon Musk, Rahul Gandhi, Ram Madhav

स्टारलिंक को भारत में कमर्शियल ऑपरेशन लाइसेंस नहीं मिलने पर  एलन मस्क (Elon Musk) ने नाराजगी जाहिर की है , मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X पर लिखा-  स्टारलिंक को 165 से ज़्यादा देशों में लाइसेंस मिला हुआ है और इसने भारत सरकार के हर नियम और ज़रूरत को पूरा करने में पाँच साल बिताए हैं, तो फिर भी लाइसेंस क्यों नहीं मिला? उन्होंने पूछा क्या अंबानी ही भारत के असली बॉस हैं? उनके इस पोस्ट पर राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी उन्होंने लिखा एलन भारत में आपका स्वागत है। उस दूसरे व्यक्ति के बारे में जानने का इंतज़ार करें। राहुल के इस तंज पर भाजपा ने पलटवार किया है।

केंद्र सरकार और एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक के बीच चल रही स्पेक्ट्रम लाइसेंस की प्रक्रिया के बीच राहुल गांधी की प्रतिक्रिया पर भाजपा ने करार जवाब दिया है साथ ही एलन मस्क को भी नसीहत दी है, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव ने मीडिया को दी बाईट में कहा –  सबसे पहले Elon Musk को यह समझ लेना चाहिए कि भारत कोई ‘Banana Republic’ नहीं है। यहां नियम, कानून और व्यवस्था के तहत ही सारे निर्णय लिए जाएंगे। जिन्हें वे इशारों में Oligarch वगैरह कह रहे हैं, वे लोग भी स्पेक्ट्रम आवंटन के लिए प्रतीक्षा कर रहे हैं। चाहे जियो हो या एयरटेल, वे सभी स्टारलिंक के साथ कतार में हैं और प्रतीक्षा कर रहे हैं।

राहुल गांधी इतने उतावले क्यों हो रहे हैं : राम माधव 

लेकिन सबसे मजेदार प्रतिक्रिया तो राहुल गांधी की है। वे तो हम सबको कह रहे थे कि आप एलन मस्क और ट्रम्प के सामने सरेंडर कर देते हैं, आप सरेंडर करने वाली पार्टी हैं। अब क्या हो गया कि वे खुद इतना सरेंडर हो रहे हैं? इतने उतावले क्यों हो रहे हैं कि एलन मस्क को कोई मुश्किल हो रही है? कुछ महीनों पहले इन्हीं के नेता जयराम रमेश कह रहे थे कि एलन मस्क का स्टारलिंक देश की सुरक्षा के लिए खतरा है। उनके सलाहकार भी इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बता रहे थे। फिर अचानक वे ‘सरेंडर गांधी’ कैसे बन गए?

भाजपा का सवाल , राहुल गांधी को क्या मिल गया? 

राम माधव ने पूछा- इस बीच ऐसा क्या मिल गया कि जो कल तक हमारे ऊपर आरोप लगा रहे थे, आज अचानक एलन मस्क की सेवा में उतर गए?  उन्होंने कहा राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी अच्छी तरह समझ लें कि उनकी UPA सरकार के दौरान स्पेक्ट्रम को लेकर बहुत बड़ा भ्रष्टाचार हुआ था और स्पेक्ट्रम अनाप-शनाप तरीके से बेचा गया था। लेकिन यह मोदी सरकार है, यहां सब कुछ नियम-कायदे और कानून के अनुरूप ही होगा। ‘सरेंडर गांधी’ एलन मस्क को खुश करने की कितनी भी कोशिश कर लें, जिसे जब मिलना होगा, बिना किसी भेदभाव के मिलेगा।

पता नहीं अचानक राहुल गांधी को एलन मस्क से इतना प्रेम कैसे हो गया

भाजपा नेता  राम माधव ने सवाल किया,  पता नहीं अचानक राहुल गांधी को एलन मस्क से इतना प्रेम कैसे हो गया। वे चाहे जितना प्रयास कर लें, निर्णय कानून और भारत के नियमों के अनुसार ही होगा। जैसा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कल स्पष्ट कहा है कि मोबाइल की सुरक्षा, नेटवर्क की सुरक्षा, स्पेक्ट्रम और देश की राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखकर ही निर्णय लिया जाएगा। सरकार इस विषय पर पहले ही अपना स्पष्टीकरण दे चुकी है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews