मशहूर अभिनेता इरफान खान का निधन, लंबे समय से लड़ रहे थे कैंसर से जंग

मशहूर अभिनेता इरफान खान का निधन, लंबे समय से लड़ रहे थे कैंसर से जंग

मशहूर फिल्म अभिनेता इरफान खान का निधन हो गया है। लंबे समय से वो कैंसर से जूझ रहे थे। कल ही उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया था और 53 साल की उम्र में मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में उन्होने आखिरी सांस ली। 7 जनवरी 1967 को जन्मे इरफान खान ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने अभिनय के दम पर एक अलग स्थान बनाया था। मकबूल, पान सिंह तोमर, कारवां, पीकू, लंच बाक्स, हिंदी मीडियम, हासिल, लाइफ ऑफ पाई, लाइफ इन मेट्रो जैसी तमाम फिल्मों में उन्होंने अपने अभिनय का लोहा मनवाया था। इसी के साथ उन्होने हॉलीवुड में भी कई फिल्मों में अभिनय किया था। उन्हें बेस्ट एक्टर के लिये फिल्मफेयर, नेशनल अवार्ड और IIFAअवार्ड से नवाज़ा जा चुका है। NSD से अभिनय का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले इरफान वर्ष 2011 में पद्मश्री से नवाज़े जा चुके हैं।

25 अप्रैल को ही उनकी मां का भी निधन हुआ था और अपनी बीमारी के कारण वो उनके अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हो पाए थे। 2018 में इरफान की बीमारी के बारे में पता चला था और उसके बाद उन्होने लंदन में भी इलाज करवाया था। उनके असमय चले जाने से पूरे बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है वहीं उनके चाहनों वालों में भी मायूसी है। वो अपने पीछे पत्नी और एक बेटे को छोड़ गए हैं। उनके जाने से सदमे में आए फिल्म इंडस्ट्री में लोग उन्हें और उनके अभिनय को याद कर रहे हैं। अमिताभ बच्चन, जावेद अख्तर, मीता वशिष्ठ, सलीम खान, मधुर भंडारकर, साजिद खान, जॉनी लीवर, बाबुल सुप्रियो सहित कई हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

टीवी से करियर की शुरूआत करने वाले इरफान ने 2004 में हासिल फिल्म में मुख्य किरदार निभाने के साथ ही अपने फिल्मी करियर की शुरूआत की थी। हाल ही में उन्होने अंग्रेजी मीडियम फिल्म में काम किया था जो उनकी आखिरी फिल्म है। अपनी बीमारी के चलते वो इसके प्रमोशन में भी शामिल नहीं हो पाए थे लेकिन उन्होने अपनी बीमारी के बावजूद इस फिल्म की शूटिंग पूरी की।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews