चक्रवात मोंथा के कारण उड़ान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित, 35 से अधिक फ्लाइट्स हुईं कैंसिल

चक्रवात की तैयारी के तहत कोथापट्नम गांव में लोगों को घर खाली करने की घोषणा की गई है। एनडीआरएफ की टीमें उप्पादा में तैनात हैं।
IGI Airport

आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में चक्रवात मोन्था के कारण उड़ान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। जीएमआर एयरपोर्ट्स के अनुसार, शमशाबाद से विजयवाड़ा, विशाखापत्तनम और राजमुंद्री हवाई अड्डों के बीच 35 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इनमें इंडिगो की 30, एयर इंडिया की 2 और एयर इंडिया एक्सप्रेस की 5 उड़ानें शामिल हैं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया कि चक्रवात मोन्था काकिनाडा के पास तट को पार करेगा, जिससे 90-100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, दोपहर 2:30 बजे चक्रवात मछलीपट्टनम से 70 किमी, काकिनाडा से 150 किमी और विशाखापत्तनम से 250 किमी दूर था। आंध्र प्रदेश के 39 निर्वाचन क्षेत्रों में भारी बारिश की आशंका के चलते मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को प्रभावित लोगों की मदद करने के निर्देश दिए हैं। विशाखापत्तनम, पूर्वी और पश्चिमी गोदावरी, कृष्णा, गुंटूर, प्रकाशम और नेल्लोर जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।

घर खाली करने की घोषणा

चक्रवात की तैयारी के तहत कोथापट्नम गांव में लोगों को घर खाली करने की घोषणा की गई है। एनडीआरएफ की टीमें उप्पादा में तैनात हैं। एनडीआरएफ इंस्पेक्टर बिस्वास ने कहा कि टीम 24 घंटे अलर्ट पर है और जरूरत पड़ने पर लोगों को आश्रय स्थलों तक पहुंचाया जा रहा है। काकिनाडा और उप्पादा के बीच 8 किलोमीटर सड़क क्षतिग्रस्त होने से बीच रोड बंद कर दी गई है।

मछली पकड़ने वाले नावें खड़ी

ओडिशा में आंध्र प्रदेश से आए 50 मछली पकड़ने वाले नावें गोपालपुर बंदरगाह पर खड़ी हैं। तमिलनाडु के तूतीकोरिन समेत कई जिलों में मध्यम बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है। मछुआरों को लगातार चौथे दिन समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews