पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ दिल्ली AIIMS में भर्ती, दो बार बेहोश होने के बाद लाया गया अस्पताल

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को स्वास्थ्य समस्याओं के चलते सोमवार को दिल्ली AIIMS में भर्ती कराया गया है। 10 जनवरी को वॉशरूम में दो बार बेहोश होने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें विस्तृत जांच के लिए भर्ती करने की सलाह दी, जहां उनका MRI भी किया जाएगा।
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ दिल्ली AIIMS में भर्ती, दो बार बेहोश होने के बाद लाया गया अस्पताल

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को सोमवार को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, पिछले हफ्ते वॉशरूम में दो बार बेहोश होने के बाद डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें अस्पताल में दाखिल किया गया है। धनखड़ पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि 10 जनवरी को धनखड़ अपने वॉशरूम में दो बार बेहोश होकर गिर पड़े थे। इसके बाद उन्हें चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह दी गई थी। सोमवार को जब वह चेकअप के लिए एम्स गए, तो डॉक्टरों ने उन्हें पूरी जांच के लिए भर्ती होने को कहा।

MRI समेत कई जांचें होंगी

अस्पताल में धनखड़ की विस्तृत चिकित्सकीय जांच की जाएगी, जिसमें MRI भी शामिल है। इसका मकसद बेहोशी के सही कारणों का पता लगाना है। हालांकि, धनखड़ के परिवार या उनकी टीम की ओर से स्वास्थ्य को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

पहले भी सार्वजनिक कार्यक्रमों में हुए बेहोश

यह पहली बार नहीं है जब धनखड़ के साथ ऐसी स्वास्थ्य समस्या सामने आई है। अधिकारियों के मुताबिक, उपराष्ट्रपति के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान भी वह कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में बेहोश हो चुके थे। इनमें कच्छ का रण, उत्तराखंड, केरल और दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम शामिल हैं। बताया जाता है कि स्वास्थ्य कारणों से ही उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया था।

सरकारी आवास के लिए लिखा था पत्र

हाल ही में जगदीप धनखड़ अपने सरकारी आवास को लेकर भी चर्चा में थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस्तीफे के पांच महीने बाद भी उन्हें सरकारी आवास आवंटित नहीं हुआ था, जिसके लिए उन्होंने 22 अगस्त को आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय को पत्र लिखा था। नियमानुसार, पूर्व उपराष्ट्रपति को पेंशन के अलावा टाइप-8 बंगला और अन्य स्टाफ सुविधाएं मिलती हैं।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews