
Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिस ने ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जो अपना नाम बदलकर 9 परिवारों को अब तक अपना निशाना बन चुका है। इस दौरान जैसे ही उसे लगता था कि अब उसकी पोल खुल जाएगी, वह दूसरे घर की तलाश में निकल पड़ता था। फिलहाल, पुलिस द्वारा उससे पूछताछ की जा रही है।
दरअसल, मामला साहिबाबाद थाना क्षेत्र का है। जब पुलिस ने पहचान बदलकर लोगों के घरों में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जानें पूरा मामला
डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल ने बताया कि 24 नवंबर को एक युवक खोड़ा थाने पहुंचा था, जहां उसने अपना नाम राजू बताया। इस दौरान उसने दावा किया कि 30 साल पहले उसका अपहरण हुआ था और उसे राजस्थान के जैसलमेर में बंधक बनाकर रखा गया था, लेकिन मौका मिलते ही वह वहां से भाग निकला और दिल्ली जा पहुंचा। यहां से भटकते हुए वह गाजियाबाद आ गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उसकी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर जारी की। तब साहिबाबाद के शहीदनगर में रहने वाले तुलाराम थाने पहुंचकर उसे अपना बेटा भीम सिंह बताया और उसे अपने घर ले गए, लेकिन कुछ दिन बाद उन्हें युवक पर शक हुआ, जिसकी खबर उन्होंने पुलिस स्टेशन में दी।
वहीं, पुलिस की टीम ने युवक से पूछताछ की तो उसने खुद को तुलाराम का बेटा ही बताया, लेकिन पुलिस द्वारा सख्त रवैया अपनाते ही उसने सच्चाई बता दी। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम इंद्र राज बताया, जो राजस्थान के अनूपगढ़ का रहने वाला है। जिसे बचपन से ही चोरी करने की लत लग गई थी, जिससे परेशान होकर परिवारवालों ने उसे 2005 में घर से निकाल दिया था।
पहचान बदलकर करता था चोरी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी साल 2021 में राजस्थान के हनुमानगढ़ जिला स्थित रावतसर में रहने वाले हेतराम को निशाना बनाया। इनके घर में वह दूर का रिश्तेदार बन कर 3 महीने रुका और चोरी करने के बाद वहां से भाग निकला, लेकिन पुलिस ने चोरी के माल के साथ उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद वह साल 2023 में राजस्थान के शिकर पहुंचा, जहां वह गउराम नायक के घर में पंकज बनकर 2 महीने तक रहा। यहां से फिर ठिकाना बदलकर वह सीधे देहरादून जा पहुंचा। यहां वह मोनू बनकर आशा शर्मा के घर में रहने लगा। इसके बाद वहां से गाजियाबाद में तुलाराम के घर पहुंच गया।
इसके अलावा, आरोपी भटिंडा, राजस्थान के जैसलमेर, हरियाणा के सिरसा में भी पहचान बदलकर कई घरों को अपना निशाना बना चुका है। फिलहाल, पुलिस ने चार परिवारों का पता लगा लिया है, बाकि की जानकारी जुटाई जा रही है।
ऐसे लोगों को बनाता था निशाना
बता दें कि आरोपी उन्हीं घरों को अपना निशाना बनाता था जिनका बेटा काफी साल पहले से लापता होता था। वह बातचीत से ही समझ जाता था कि परिवार में कितने सदस्य हैं। फिलहाल, पुलिस ने टीम का गठन कर उन्हें अलग-अलग जगहों पर भेज दिया गया है, ताकि मामले में और अधिक खुलासा हो सके। साथ ही इंद्र राज से पूछताछ की जा रही है।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

