
Narottam Mishra asked Rahul Gandhi : गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने राहुल गांधी से पूछा है कि इतनी लंबी भारत जोड़ो यात्रा करने के बाद वे बताएं कि उन्हें भारत कहां टूटा हुआ दिखा है। गुजरात में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होने ये सवाल किए। गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए आज मतदान हुआ। दूसरे चरण की वोटिंग 5 दिसंबर को होगी। वहां अभी दूसरे चरण के मतदान के लिए प्रचार अंतिम दौर में है। नरोत्तम मिश्रा धनेरा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक विशाल आमसभा को संबोधित कर रहे थे।
राहुल गांधी से किया सवाल
नरोत्तम मिश्रा ने राहुल गांधी से सवाल करते हुए कहा कि ‘चुनाव गुजरात में हो रहे हैं, कांग्रेस नेता राहुल बाबा मध्यप्रदेश में घूम रहे हैं। वो कह रहे हैं कि भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं। अभी तक 2000 किलोमीटर चलकर आ गए राहुल गांधी। वे बताएं कि उन्हें अभी तक कहां भारत टूटा हुआ दिखा उनको। क्या अमित शाह जी ने 370 हटाई थी उससे भारत टूट गया। क्या मोदी जी ने राममंदिर बनवाया, उससे भारत टूट गया। क्या काशी विश्वनाथ का शिलान्यास करने से भारत टूट गया। क्या महाकाल लोक बनने से भारत टूट गया।’
पीएम मोदी की प्रशंसा
गृहमंत्री ने इस चुनावी सभा में कहा कि राहुल गांधी के पास किसी बात का जवाब नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की राजनीति को दिशा दे दी है। जो लोग टोपी पहनकर घूमते थे चुनाव में, वे आज टीका लगाकर घूम रहे हैं। ये स्थिति पीएम मोदी ने बनाई है। उन्होने परिस्ठितियों को बदलकर रख दिया है। पहले पाकिस्तान के सैनिक भारत के सैनिकों का सिर काटते भेज देते थे और कांग्रेस के प्रधानमंत्री शांतिवार्ता करते थे। लेकिन मोदी जी के आने के बाद पाकिस्तान की तरफ से गोली भी आती है तो यहां से गोला जाता है। उन्होने कहा कि मोदीजी ने विकास की नई श्रृंखला दी और एक नया इतिहास रच दिया है।
[dgv_vimeo_video id=”776966086″]
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

