ग्वालियर का TMZ देश के टेलीकॉम विनिर्माण का नया केंद्र बनेगा: ज्योतिरादित्य सिंधिया

केंद्रीय मंत्री बोले- 'मेक इन इंडिया' के साथ 'मेक इन MP' को मिलेगी नई गति, उद्योग जगत से मध्यप्रदेश में निवेश की अपील
Jyotiraditya Scindia TMZ Gwalior Investor Meet Mumbai

Jyotiraditya Scindia TMZ Gwalior Investor Meet Mumbai

ग्वालियर में तैयार हो रहे भारत के पहले टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन (TMZ) के लिए आज मंगलवार को मुंबई में इन्वेस्टर्स मीट और रोडशो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित विभागीय अधिकारी शामिल हुए।

निवेशकों को संबोधित करते हुए केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का हृदय है और भारत की विकास यात्रा का मजबूत आधार बनने की क्षमता रखता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश टेलीकॉम और डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में ग्वालियर में देश का पहला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन (TMZ) स्थापित होना एक ऐतिहासिक कदम है।

सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश ने निवेशकों के लिए बेहतर माहौल तैयार किया है। केंद्र और राज्य सरकार की साझेदारी से ग्वालियर को राष्ट्रीय टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रदेश की बेहतर कनेक्टिविटी, भूमि उपलब्धता और उद्योग-अनुकूल नीतियां निवेशकों का भरोसा बढ़ा रही हैं।

‘मेक इन इंडिया’ के साथ ‘मेक इन MP’ को भी मिलेगी नई गति

उन्होंने कहा कि ग्वालियर की भौगोलिक स्थिति इसे उत्तर और मध्य भारत का रणनीतिक औद्योगिक केंद्र बनाती है। अब समय आ गया है कि ‘मेक इन इंडिया’ के साथ ‘मेक इन MP’ को भी नई गति दी जाए। टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन से निवेश बढ़ेगा, नवाचार को बढ़ावा मिलेगा और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर तैयार होंगे।

उद्योगपतियों से MP में निवेश करने का आग्रह 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुंबई इन्वेस्टर्स मीट भारत को वैश्विक टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने उद्योग जगत से मध्यप्रदेश में निवेश करने और विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि ग्वालियर से शुरू हुई यह पहल देश के टेलीकॉम विनिर्माण क्षेत्र में नए दौर की शुरुआत करेगी।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews