केदारनाथ के पास हेलिकॉप्टर हुआ क्रैश, पायलट समेत 5 की हुई मौत

उत्तराखंड में केदारनाथ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हुआ है। गौरीकुंड के पास एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया, जिसमें पायलट समेत कुल 5 लोगों की जान चली गई। हादसे में एक बच्चा भी शामिल था। शुरुआती जानकारी के अनुसार खराब मौसम हादसे की वजह माना जा रहा है।
Helicopter crashes near Kedarnath

रविवार सुबह उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा हुआ जब देहरादून से केदारनाथ जा रहा एक हेलिकॉप्टर रास्ते में क्रैश हो गया। यह हादसा गौरीकुंड के पास जंगलों में हुआ, जिसमें पायलट समेत 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुखद घटना में एक मासूम बच्चा भी शामिल था। जैसे ही हादसे की खबर आई, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, हेलिकॉप्टर क्रैश का मुख्य कारण खराब मौसम बताया जा रहा है। हेलिकॉप्टर जैसे ही गौरीकुंड क्षेत्र में पहुंचा, आसमान में मौसम अचानक बिगड़ गया। घने बादलों और कोहरे के चलते दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे हेलिकॉप्टर नियंत्रण से बाहर हो गया और सीधे जंगलों में जा गिरा।

8 दिन पहले रुद्रप्रयाग में भी हुआ था हेलिकॉप्टर हादसा

हादसे के बाद जंगल में आग लगने जैसी स्थिति बनी, लेकिन समय रहते राहत दल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया। फिलहाल प्रशासन की ओर से विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं और घटना के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। यह पहला मामला नहीं है। 7 जून को उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में एक और हेलिकॉप्टर हादसा हुआ था, जब तकनीकी खराबी के चलते उसे सड़क पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी।

दुकान की टीन शेड भी उड़ गई थी

उस हादसे में हेलिकॉप्टर का पिछला हिस्सा एक कार पर गिरा था, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। साथ ही हेलिकॉप्टर के पंखों से पास की दुकान की टीन शेड भी उड़ गई थी। हालांकि उस घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन यह साफ संकेत था कि हेलिकॉप्टर संचालन में सावधानी और सख्त निगरानी की जरूरत है। अब ताजा हादसे ने फिर से सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews