मॉर्निंग वॉक पर निकले हिंदू महासभा के अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या

मॉर्निंग वॉक पर निकले हिंदू महासभा के अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या

लखनऊ।

यूपी के लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय हिंदू महासभा के अध्यक्ष रंजीत बच्चन की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। रंजीत बच्चन मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उनके सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हडकंप मच गया है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

घटना सुबह करीब साढ़े 6 बजे की है। रंजीत बच्चन अपने एक दोस्त आशीष श्रीवास्तव के साथ जब वह ग्लोब पार्क से निकल रहे थे तभी बाइक सवार बदमाशों ने उनके सिर में गोली मार दी। इस वारदात में उनके दोस्त आशीष भी घायल हो गए हैं, जिनका इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है। हत्या की वजह का पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी घटनास्‍थल पर पहुंच कर घटना का जायजा लिया। वहीं पुलिस ने शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लखनऊ में बच्चन की हत्या से कई सवाल खड़े हो रहे है। यूपी सरकार एक तरफ तो अपराधियों को जेल भेज रहीं है तो वहीं हिंदू नेताओं की एक तरफ हत्या हो रही है। इस से यह साफ होता है कि अपराधियों के हौसले उत्तर प्रदेश में कितने बुलंद है। पुलिस ने बताया कि रंजीत बच्चन को 9mm पिस्टल से गोली मारी गई है। फिलहाल पुलिस स्पॉट पर तथ्यों को समेटने में जुटी हुई है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार करने की बात कह रही है।

जांच के लिए छह टीमें गठित

लखनऊ पुलिस कमिशन्नर सुजीत पांडेय ने रणजीत बच्चन हत्याकांड की जांच के लिए छह टीमें गठित की है। पुलिस उनसे जुड़ी हर गतिविधियों के बारे में पता कर रही है। वहीं उनके सोशल मीडिया अकाउंट भी खंगाले जा रहे हैं। दूसरी तरफ उनके यहां आने-जाने वाले और परिवार के अन्य लोगों से भी पुलिस की टीम जानकारी इकट्ठा कर रही है।

योगी के इस्तीफे की मांग, सियासत गर्म 

अध्यक्ष बच्चन की हत्या के बाद सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी ने इस घटना को लेकर सीधे योगी सरकार पर निशाना साधते हुए इस्तीफा मांगा है। पार्टी का कहना है कि लखनऊ में दिनदहाड़े इस हत्या के चलते आम लोगों में दहशत का माहौल है। यूपी में सरकार और पुलिस का इकबाल खत्म हो गया है इसलिए इस सरकार को फौरन इस्तीफा दे देना चाहिए।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews