अमित शाह के लिए महुआ मोइत्रा के विवादित बोल पर बवाल, सीएम डॉ मोहन यादव, योगी आदित्यनाथ बोले-माफ़ी मांगे TMC

TMC सांसद महुआ मोइत्रा अपने बयानों और व्यवहार को लेकर हमेशा चर्चा में रहती हैं, वे लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर हमेशा निशाना साधती हैं, लेकिन इस बार उन्होंने जो बयान दिया है वो बहुत आपत्तिजनक है जिसने सियासी तूफान खड़ा कर दिया है।
Amit Shah Mahua Moitra

तृणमूल कांग्रेस (TMC) की लोकसभा सांसद महुआ मोइत्रा द्वारा गृह मंत्री अमित शाह को लेकर दिए गए विवादित बयान ने देश में सियासी उबाल ला दिया है, कल 29 अगस्त को मीडिया से बात करते हुए टीएमसी सांसद ने जो  आपत्तिजनक बयान दिया जिसपर भाजपा भड़की हुई है, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों ने इस पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है और टीएमसी से तुरंत माफ़ी मांगने के लिए कहा है।

महुआ मोइत्रा ने घुसपैठ के मुद्दे के सवाल पर मीडिया से बात करते हुए कल कहा कि  केंद्र सरकार सीमा सुरक्षा पर अपनी जिम्मेदारियों से बच रही है। वे बार-बार घुसपैठियों की बात कर रहे हैं। सीमाओं की सुरक्षा गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी है। यदि घुसपैठ हो रही है यानि भारतीय सीमाओं की रक्षा करने वाला कोई नहीं है। ऐसा है तो सबसे पहले अमित शाह से सवाल करना चाहिए। यहीं उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।

BJP पश्चिम बंगाल ने साझा किया वीडियो 

भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल ने महुआ मोइत्रा का वीडियो अपने X पर साझा किया है जिसमें वो बांग्ला भाषा में बोल रही हैं, भाजपा ने लिखा- जब महुआ गृह मंत्री का सिर काटने की बात करती हैं, तो यह टीएमसी की हताशा और हिंसक संस्कृति को उजागर करता है जो बंगाल की छवि को धूमिल कर रही है और राज्य को पीछे धकेल रही है।  हालाँकि एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ महुआ मोइत्रा के इस वीडियो की पुष्टि नहीं करती।

तृणमूल कांग्रेस को इस अभद्रता के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए: डॉ मोहन यादव 

उधर देश के गृह मंत्री के लिए दिए गए अपमानजनक और आपत्तिजनक बयान वाला महुआ मोइत्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसपर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है।  मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने X पर लिखा – “केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह पर तृणमूल कांग्रेस की सांसद द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी उनकी घृणित मानसिकता उजागर करती है। मैं इसकी कठोर निंदा करता हूँ। पहले प्रधानमंत्री मोदी की माँ पर अभद्र टिप्पणी की गई। आज देश के गृह मंत्री का अपमान, यह सब इनकी संकुचित व विकृत मानसिकता का परिणाम है। तृणमूल कांग्रेस को इस अभद्रता के लिए समूचे देश से माफी मांगनी चाहिए।

तृणमूल कांग्रेस के राजनीतिक कुसंस्कारों को प्रकट करती है टिप्पणी: योगी आदित्यनाथ 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने X पर लिखा- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह पर तृणमूल कांग्रेस की सांसद द्वारा की गई असंसदीय और आपत्तिजनक टिप्पणी अक्षम्य तथा घोर निंदनीय है। तृणमूल कांग्रेस के राजनीतिक कुसंस्कारों को प्रकट करती यह टिप्पणी भारतीय लोकतांत्रिक मूल्यों पर विश्वास करने वाले प्रत्येक भारतीय का अपमान है। तृणमूल कांग्रेस को इस अभद्र टिप्पणी के लिए अविलंब समूचे देश से माफी मांगनी चाहिए।

टिप्पणी अशोभनीय और बेहद आपत्तिजनक है : वीडी शर्मा 

मध्य प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने भी महुआ मोइत्रा के बयान पर आक्रोश जताया है उन्होएँ X पर लिखा – TMC सांसद द्वारा देश के गृहमंत्री अमित शाह पर की गई अशोभनीय टिप्पणी बेहद आपत्तिजनक है। प्रधानमंत्री मोदी की पूज्य माताजी का अपमान हो या देश के गृहमंत्री का, इंडी ठगबंधन की राजनीति का असली मकसद हिंसा और नफरत को बढ़ाना है। TMC सांसद इस अभद्र बयान के लिए देश से माफी मांगे।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews