5 फरवरी 2024 IMD मौसम अपडेट : हिमाचल, जम्मू कश्मीर में भारी बर्फ़बारी, उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में बारिश का दौर जारी, देखें अपने राज्य का हाल

IMD Weather Update

IMD Weather Update Today 5 February 2024 : देश के मौसम ने फिर करवट ले ली है, पहाड़ों पर हो रही भारी बर्फ़बारी ने ठंडक को फिर से बढ़ा दिया है मौसम विभाग ने कहा है कि नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते 5 और 6 फरवरी को जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज और बिजली के साथ बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। राजधानी दिल्ली सहित कई राज्यों से मध्यम से घना कोहरा छाएगा।

पहाड़ी राज्यों में बर्फ़बारी, प्रभावित हुआ जनजीवन 

IMD के मौसम अपडेट के मुताबिक रविवार को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ, कई उड़ानें रद्द कर दी गईं और राष्ट्रीय राजमार्गों सहित सड़कें वाहन यातायात के लिए बंद कर दी गईं। अधिकारियों ने कहा कि कश्मीर में, श्रीनगर हवाई अड्डे पर सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि जम्मू के रामबन जिले में रविवार सुबह लगभग 11:15 बजे भूस्खलन के बाद 270 किलोमीटर लंबे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात लगभग चार घंटे के लिए बंद कर दिया गया।

इन राज्यों में बारिश की संभावना 

आईएमडी के मताबिक 5 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, बिहार और उत्तर प्रदेश में तेज़ हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 7 फरवरी तक अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा जैसे राज्यों में भारी बारिश की भी संभावना है।

इन राज्यों में छाएगा कोहरा 

मौसम विभाग के अनुसार कल 6 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों में सुबह के समय घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है। आज और कल पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, गंगीय पश्चिम बंगाल और असम और मेघालय के अलग-अलग इलाकों में सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा।

दिल्ली में बारिश, तापमान बढ़ा

IMD के मुताबिक रविवार को सुबह की हल्की बारिश के बाद दिल्ली में अधिकतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से दो डिग्री कम है, वहीं न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से तीन डिग्री अधिक है। दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में आज सुबह हल्की बारिश हुई। आईएमडी ने रात के दौरान अधिक बारिश और मध्यम कोहरे की संभावना जताई है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews