IMD Weather Update: पूर्वोत्तर भारत में तेज बारिश, आंधी-तूफान की संभावना, पहाड़ों पर होगी बर्फ़बारी

IMD Weather Update

IMD Weather Update Today 28 March 2024 : देश का मौसम पल पल बदल रहा हैं, मैदानी राज्यों में जहाँ तेज गर्मी पड़ने लगी है वहीं पहाड़ी राज्य अभी भी बारिश और आंधी तूफान से जूझ रहे हैं, कई राज्यों में तापमान अभी से 40 डिग्री सेल्सियस क्रॉस कर गया है, उधर 29 मार्च को संक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ से एक बार फिर मौसम के बदलने की संभावना है।

राजधानी दिल्ली में बुधवार रहा सबसे गर्म दिन 

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को तेज गर्मी देखी गई, तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है और इस साल अब तक का सबसे अधिक तापमान है। हालाँकि आईएमडी का पूर्वानुमान है कि अगले तीन दिनों में हल्की बारिश होगी, जिससे बढ़ते तापमान में कमी आ सकती है।

MP में लू चलना और रातें गर्म होना शुरू 

आपको बता दें कि मध्य प्रदेश के कई शहरों में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पार कर गया, यहाँ तो लू चलना और रातें गर्म होना शुरू हो गई है, यहाँ बड़वानी जिले के तालुन में तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दराज किया गया, वाही रतलाम और दमोह जिलों में लू चली जबकि गुना में रात गर्म रही, मौसम विभाग ने इन तीनों जिलों में अगले 24 घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी किया हुआ है।

देश के कुछ हिस्सों में बारिश

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अपने नवीनतम मौसम बुलेटिन में कहा है कि 31 मार्च तक पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और उत्तर पश्चिम भारत के आसपास के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान पूर्वोत्तर भारत में तेज बारिश आंधी तूफान की भी संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा जैसे राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। इस बीच उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 2 अप्रैल तक बारिश की स्थिति देखने को मिलेगी।

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी

IMD ने कहा कि एक और ताजा पश्चिमी विक्षोभ 29 मार्च 2024 से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। इसके प्रभाव से 31 मार्च तक जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में व्यापक हल्की वर्षा और बर्फबारी की संभावना है। अगले कुछ दिनों में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में छिटपुट ओलावृष्टि की भी संभावना है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews