हुगली में राहुल गांधी का बड़ा आरोप, बोले- प्रधानमंत्री मोदी भ्रष्टाचार करते हैं तो ममता बनर्जी भी उनसे कम नहीं..

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के हुगली में जनसभा को संबोधित किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ममता बनर्जी पर कई गंभीर आरोप लगाए। राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी भ्रष्टाचार करते हैं तो ममता बनर्जी भी उनसे कम नहीं है।
Rahul Gandhi

पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान के बाद अब दूसरे चरण के मतदान को लेकर टीएमसी, भाजपा और कांग्रेस सहित सभी दलों ने सभी राजनीतिक दल पूरी ताकत के साथ चुनावी प्रचार में लगे हुए हैं। 29 अप्रैल को 142 सीटों पर दूसरे चरण का मतदान होगा। इसी क्रम में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी जनता को साधने में लगे हुए हैं। उन्होंने शनिवार को हुगली में चुनावी रैली कर भाजपा और टीएमसी दोनों दलों पर जमकर हमला बोला है।

राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को एक ही कतार में रखते हुए दोनों पर सत्ता के लालच में गरीबों के बजाय अमीरों की मदद करने का आरोप लगाया। कांग्रेस सांसद ने कहा कि हुगली पहले औद्योगिक क्षेत्र हुआ करता था। यहां जूट मिलें और कई उद्योग थे, जिन्हें कांग्रेस पार्टी लाई थी लेकिन आज सच यह है कि ममता बनर्जी और नरेंद्र मोदी को रोजगार देने में कोई दिलचस्पी नहीं है। इन दोनों लोगों को सिर्फ सत्ता चाहिए, ये लोगों के लिए काम नहीं करते।

राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी भ्रष्टाचार करते हैं तो ममता बनर्जी भी उनसे कम नहीं हैं। कांग्रेस नेता ने टीएमसी सरकार पर कई घोटालों के आरोप लगाए। उन्होंने शारदा चिट फंड घोटाला, रोज वैली चिट फंड घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि टीएमसी के लोग कोयला तस्करी, गैर-कानूनी माइनिंग और गुंडा टैक्स लगाते हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 2021 में पश्चिम बंगाल से वादा किया था कि 5 लाख लोगों को नौकरी दी जाएगी लेकिन सच तो यह है कि यहां 84 लाख युवाओं ने बेरोजगारी भत्ते के लिए आवेदन किया है।

राहुल गांधी का प्रधानमंत्री मोदी पर हमला

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर भी बड़ा हमला बोला है और कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन मोदी को अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप कंट्रोल कर रहे हैं। लोकसभा में मैंने नरेंद्र मोदी के बारे में दो-तीन बातें कहीं, जिससे वह डर गए और भाग गए। मोदी ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील की, जिसमें उन्होंने भारत का कृषि क्षेत्र, लघु-मध्यम उद्योग, ऊर्जा सुरक्षा सब बेच दिया। इसके साथ ही उन्होंने हमारा सारा डेटा भी अमेरिका को सौंप दिया। देश का कोई भी प्रधानमंत्री बिना दबाव के ऐसा काम नहीं कर सकता।

देश में दो विचारधाराओं के बीच चल रही लड़ाई- राहुल गांधी

कांग्रेस नेता ने एक बार फिर भाजपा के साथ आरएसएस को घेरा। उन्होंने कहा कि देश में दो विचारधाराओं के बीच लड़ाई चल रही है। एक तरफ, कांग्रेस पार्टी, संविधान, एकता और भाईचारा है तो वहीं दूसरी तरफ भाजपा, नफरत, हिंसा और घमंड है। देश में आरएसएस-भाजपा के लोग जहां भी जाते हैं, सिर्फ और सिर्फ नफरत फैलाते हैंं वे एक धर्म को दूसरे धर्म के खिलाफ खड़ा करते हैं और लोगों को डराने का काम करते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाली। उस यात्रा का संदेश था-नफरत के बाजार में प्यार की दुकान खोलना। यही हमारी विचारधारा है, और इसी से हमें आजसदी मिली, संविधान बना, और देश मजबूत हुआ।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews