क्या पैसा 26 नागरिकों की जान से ज्यादा कीमती? ओवैसी ने भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच को लेकर भाजपा पर साधा निशाना

पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों ने 26 पर्यटकों की हत्या कर दी थी, जिसके बाद से भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच को लेकर देश में गुस्सा और मिश्रित भावनाएं हैं।
क्या पैसा 26 नागरिकों की जान से ज्यादा कीमती? ओवैसी ने भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच को लेकर भाजपा पर साधा निशाना

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने चल रहे एशिया कप में भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच को लेकर केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। ओवैसी ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि क्या क्रिकेट मैच से होने वाली कमाई 26 नागरिकों की जान से ज्यादा मूल्यवान है। उन्होंने असम और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से पूछा कि क्या उनके पास पाकिस्तान के खिलाफ क्रिकेट मैच खेलने से इनकार करने की शक्ति नहीं है, जिसके इशारे पर पहलगाम में 26 नागरिकों की हत्या की गई।

ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान का जिक्र किया जिसमें उन्होंने कहा था कि खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते और आतंकवाद के साथ बातचीत नहीं हो सकती। उन्होंने बीजेपी से सवाल किया कि क्या भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को एक मैच से होने वाली 2000-3000 करोड़ रुपये की आय उन 26 नागरिकों की जान से ज्यादा महत्वपूर्ण है। ओवैसी ने कहा, “हम कल भी उन 26 नागरिकों के साथ थे। आज भी हैं और कल भी रहेंगे।”

देश में गुस्सा और मिश्रित भावनाएं

पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों ने 26 पर्यटकों की हत्या कर दी थी, जिसके बाद से भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच को लेकर देश में गुस्सा और मिश्रित भावनाएं हैं। कई लोग इस मैच का बहिष्कार करने की मांग कर रहे हैं। ओवैसी ने इस मुद्दे पर बीजेपी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए सरकार की नीतियों पर असंगति का आरोप लगाया।

मैच को रद्द करने की मांग

कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त ने भी इस मैच को रद्द करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार आतंक के साथ कोई बातचीत नहीं और ऑपरेशन सिंदूर की बात करती है, लेकिन दूसरी तरफ पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना सरकार की नीति के खिलाफ है। दत्त ने सवाल किया कि विदेशों में भारतीय प्रतिनिधिमंडल भेजने और आतंकवाद के खिलाफ कड़ा रुख दिखाने के बाद इस मैच के जरिए सरकार क्या संदेश देना चाहती है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews