
कोलकाता से श्रीनगर जा रही इंडिगो की उड़ान 6E-6961 में बुधवार दोपहर ईंधन रिसाव की समस्या आ गई, जिसके बाद विमान ने वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग की। विमान में 166 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे।
पायलट ने ईंधन रिसाव का पता चलते ही तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचित किया। ATC ने तत्काल आपात लैंडिंग की अनुमति दी और विमान दोपहर 4:10 बजे सुरक्षित रूप से रनवे पर उतर गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालकर टर्मिनल के आगमन हॉल में भेज दिया गया; कोई घायल नहीं हुआ।
तकनीकी टीम कर रही जांच
हवाई अड्डा प्रशासन और तकनीकी टीम घटना की जांच कर रही है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और हवाई अड्डे पर सामान्य उड़ान सेवाएं बहाल हो गई हैं। निरीक्षण और मरम्मत के बाद विमान श्रीनगर के लिए रवाना होगा।
शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई
यात्रियों ने चालक दल की तत्परता और शांतिपूर्ण संचालन की सराहना की। एक यात्री ने मीडिया को बताया, “पायलट और क्रू ने तुरंत कार्रवाई की, हमें हर पल सुरक्षित महसूस हुआ।” कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर भी क्रू की प्रशंसा की।
