Flipkart से मंगाया iPhone, निकला निरमा डिटर्जेंट, कोर्ट ने दिया 74 हजार के भुगतान का आदेश

Flipkart से मंगाया iPhone, निकला निरमा डिटर्जेंट, कोर्ट ने दिया 74 हजार के भुगतान का आदेश

Flipkart delivered Nirma detergent instead of iPhone : आजकल ऑनलाइन शॉपिंग का ट्रेंड काफी बढ़ गया है। एक तो इसमें घर बैठे खरीदी की जा सकती है। उसपर बंपर ऑफर्स और लुभावनी डील भी ग्राहकों को आकर्षित करती है। यहां अधिकांश वस्तुओं पर सुविधा भी मिलती है कि अगर पसंद न आए या कोई खराबी हो तो एक्सचेंज या रिटर्न किया जा सकता है। यहीं वजह है कि अब लोग ऑनलाइन शॉपिंग को काफी पसंद करने लगे हैं। लेकिन कई बार कुछ ऐसा भी होता है कि आपने मंगाया कुछ और, डिलीवर कुछ और हो। ऐसे में अगर वस्तु बहुत महंगी हो और उसका समाधान न हो तो मामला अदालत तक चला जाता है। पहले भी ऐसे वाकये हुए हैं और हाल ही में फिर ऐसा ही एक मामला सामने आया है।

घटना कर्नाटक की है..कोप्पल जिले के एक छात्र हर्ष ने ई-कॉमर्स फर्म फ्लिपकॉर्ट से आईफोन ऑर्डर किया था। जनवरी 2021 में उसने 48,999 रूपये का आईफोन 11 ऑर्डर किया। लेकिन जब उसका ऑर्डर डिलीवर हुआ और उसने पैकेट खोला तो उसमें से एक छोटा कीपैड फोन और और 140 ग्राम का निरमा डिटर्जेंट साबुन निकला। इसके बाद हर्ष ने फ्लिपकार्ट की कस्टमर सर्विस से कॉन्टेक्ट किया और अपनी शिकायत दर्ज कराई। टोल फ्री नंबर पर उसे ये आश्वासन दिया गया कि जल्द ही इस समस्या को हल कर दिया जाएगा लेकिन काफी समय बीत जाने पर भी इस शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद हर्ष ने कंपनी को लीगल नोटिस भेजा।

फ्लिपकार्ट इंटरनेट प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और तीसरे पक्ष के विक्रेता साने रिटेल्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के खिलाफ 2022 में उपभोक्ता अदालत में मामला दायर हुआ। यहां फ्लिपकार्ट ने कहा कि वो लेन देन के लिए ग्राहक और विक्रेता के मध्य सिर्फ एक ऑनलाइन मंच है। लेकिन उपभोक्ता अदालत ने इसे अस्वीकार किया और उपभोक्ता के पक्ष में फैसला सुनाया। अदालत ने 17 मार्च को अपने फैसले में फ्लिपकार्ट को मोबाइल फोन की कीमत 48,999 रिफंड करने के साथ अनुचित व्यापार-व्यवहार के लिए 10,000 तथा मानसिक पीड़ा और मुकदमेबाजी की लागत के लिए 15,000 मुआवजा देने का आदेश दिया है। इस तरह अब फ्लिपकार्ट को कुल 64,999 रूपये का भुगतान करने के लिए कहा गया है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews