14 जुलाई से चलेगी भारत गौरव ट्रेन, दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थों स्थलों के दर्शन कर सकेंगे, देखें रूट और शेड्यूल

आईआरसीटीसी 14 जुलाई 2026 से विशेष 'भारत गौरव पर्यटक ट्रेन' का संचालन करने जा रहा है। इसके जरिए तिरुपति बालाजी, रामेश्वरम, मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग समेत कई प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।
Bharat Gaurav Train

मानसून सीजन में दक्षिण भारत के मंदिरों की यात्रा करने की सोच रहे श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) 14 जुलाई 2026 से ‘दक्षिण भारत यात्रा’ भारत गौरव पर्यटक ट्रेन (पैकेज कोड EZBG31) की शुरुआत करने जा रहा है।

यह विशेष ट्रेन दक्षिण भारत के विश्व प्रसिद्ध धार्मिक और दर्शनीय स्थलों जैसे तिरुपति बालाजी मंदिर, श्री पद्मावती मंदिर, रामेश्वरम का रामनाथ स्वामी मंदिर, मदुरै का प्रसिद्ध मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी का विवेकानंद रॉक मेमोरियल व कन्याकुमारी मंदिर और श्रीशैलम का मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराएगी।

झारखंड के दुमका से रवाना होने वाली यह विशेष ट्रेन  14 से 26 जुलाई तक 12 रात और 13 दिनों का दिव्य आध्यात्मिक सफर कराएगी। यह ट्रेन दुमका से खुलकर हंसडीहा, भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर, किऊल, मोकामा, बख्तियारपुर, पटना साहिब, पटना, आरा, बक्सर, दिलदारनगर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन और प्रयागराज छिवकी जैसे प्रमुख स्टेशनों से बोर्डिंग और डी-बोर्डिंग की सुविधा प्रदान करेगी, जिससे बिहार और उत्तर प्रदेश के यात्री भी आसानी से इस यात्रा में शामिल हो सकेंगे।

यात्रियों की सुविधा के लिए आईआरसीटीसी ने इस पर्यटक ट्रेन को तीन श्रेणियों में विभाजित किया है, जिसमें स्लीपर क्लास (इकोनॉमी) का किराया 25,400 रुपये, थर्ड एसी (स्टैंडर्ड) का किराया 45,550 रुपये और सेकंड एसी (कंफर्ट) का किराया 55,500 रुपये प्रति व्यक्ति तय किया गया है।

इस पूरे टूर पैकेज में यात्रियों के लिए बेहद खास इंतजाम किए गए हैं। पैकेज के अंतर्गत ट्रेन टिकट के साथ-साथ शाकाहारी भोजन (नाश्ता, दोपहर और रात का खाना), स्थानीय भ्रमण के लिए बसों की व्यवस्था, रात में ठहरने के लिए होटलों में रुकने का प्रबंध, गाइड, टूर एस्कॉर्ट और प्रत्येक यात्री के लिए 10 लाख रुपये तक का यात्रा बीमा शामिल है।

इसके अलावा आईआरसीटीसी ने  ईएमआई और आंशिक भुगतान (पार्ट पेमेंट) की सुविधा भी दी है। इच्छुक श्रद्धालु आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत केंद्रों के माध्यम से अपनी सीट बुक कर सकते हैं।

अधिक जानकारी के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।

DAKSHIN BHARAT YATRA 

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews