जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के नतीजों पर राहुल गांधी ने जनता का आभार जताया, कहा ‘संविधान की और लोकतांत्रिक स्वाभिमान की जीत’

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) ने 42 सीटों पर जीत हासिल की, जिससे उन्हें बहुमत मिला। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 29 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस ने 6 और आम आदमी पार्टी ने डोडा से एक सीट पर जीत दर्ज की। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) को 3 सीटें मिली और 7 सीटें स्वतंत्र उम्मीदवारों के पास गई हैं। इन परिणामों के बाद कांग्रेस ने वहां की जनता को धन्यवाद दिया है।
राहुल गांधी का भोपाल दौरा, किए गए सड़क मार्ग परिवर्तित

Jammu and Kashmir election results 2024 : जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव 2024 में नेशनल कॉन्फ्रेंस ने बड़ी जीत हासिल की। दस साल बाद हुए चुनाव में उसने 42 सीटों पर विजय प्राप्त की है। नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस गठबंधन ने मिलकर 48 सीटें जीती हैं। इन नतीजों के बाद राहुल गांधी ने जम्मू कश्मीर की जनता को धन्यवाद कहा है। उन्होंने कहा कि ‘प्रदेश में INDIA की जीत संविधान की जीत है, लोकतांत्रिक स्वाभिमान की जीत है।’

बता दें कि नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने गंदेरबल और बडगाम दोनों सीटों पर जीत दर्ज की और अब उनके मुख्यमंत्री बनने की संभावना जताई जा रही है। उन्होंने इन नतीजों को उम्मीद से बेहतर बताया और जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस की इस जीत ने गठबंधन को मजबूती दी है, जिसे ‘इंडिया’ ब्लॉक कहा जाता है।

राहुल गांधी ने जनता का आभार जताया

विपक्ष के नेता और सांसद राहुल गांधी ने इन परिणामों को लेकर खुशी ज़ाहिर की है और एक्स पर लिखा है कि ‘जम्मू-कश्मीर के लोगों का तहे दिल से शुक्रिया – प्रदेश में INDIA की जीत संविधान की जीत है, लोकतांत्रिक स्वाभिमान की जीत है। हम हरियाणा के अप्रत्याशित नतीजे का विश्लेषण कर रहे हैं। अनेक विधानसभा क्षेत्रों से आ रही शिकायतों से चुनाव आयोग को अवगत कराएंगे।सभी हरियाणा वासियों को उनके समर्थन और हमारे बब्बर शेर कार्यकर्ताओं को उनके अथक परिश्रम के लिए दिल से धन्यवाद। हक़ का, सामाजिक और आर्थिक न्याय का, सच्चाई का यह संघर्ष जारी रखेंगे, आपकी आवाज़ बुलंद करते रहेंगे।’

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा ‘तानाशाही से लड़ाई जारी रहेगी’

बता दें कि नतीजे आने के बाद कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी सोशल मीडिया पर जनता का आभार जताया और लिखा था कि ‘जम्मू और कश्मीर के लोगों को कांग्रेस पार्टी और नेशनल कॉन्फ़्रेन्स गठबंधन को सेवा का मौक़ा देने के लिए हृदय से धन्यवाद। नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला जी और उपाध्यक्ष एवं गठबंधन सरकार के मुखिया, उमर अब्दुल्ला जी को शानदार जीत की बधाई। यह जनमत जम्मू और कश्मीर के लोगों ने भाजपा के जनविरोधी नीतियों, जनता के अधिकारों का हनन और उत्पीड़न तथा संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग के ख़िलाफ़ दिया है। हमारी गठबंधन सरकार आपकी आकांक्षाओं पर पूरी तरह से खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेगी। आपकी ख़ुशहाली और संवैधानिक हकों की रक्षा के लिए INDIA गठबंधन पूरी तरह संकल्पित है। हरियाणा का परिणाम अप्रत्याशित है। पार्टी इस जनमत का आकलन कर रही है। हमारे ज़मीनी कार्यकर्ताओं से बात कर, पूरी जानकारी हासिल करने और तथ्यों को जाँच लेने के बाद पार्टी की तरफ़ से विस्तृत प्रतिक्रिया आएगी। हम हरियाणा के लोगों को कांग्रेस पार्टी को वोट देने के लिए आभार व्यक्त करते हैं। हमारे कर्मठ कार्यकर्ताओं को निराश होने की ज़रूरत नहीं है। तानाशाही से हमारी लड़ाई लंबी है।’

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews