
सांकेतिक तस्वीर
Judge shot in court : उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में गोली चलने से एक जज घायल हो गए। इस मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय कमेटी गठित की गई है। गोली चलने की इस घटना से वहां अफरा तफरी का माहौल बन गया था। लेकिन ये एक हादसा बताया जा रहा है और जानकारी के मुताबिक जज को उनकी ही रिवॉल्वर के गोली लगी है।
इस तरह लगी गोली
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि अपर जिला सत्र न्यायाधीश तलेवल सिंह अपने चैंबर में गाउन पहन रहे थे। उसी दौरान उनकी लायसेंसी रिवॉल्वर जमीन पर गिर गई और गिरते ही उसमें से गोली फायर हो गई। उन्हें बाएं पैर मे गोली लगी और उसे भेदती हुई दाएं पैर में फंस गई थी। गोली चलने की आवाज से कचहरी में हड़कंप मच गया। इसके बाद कोर्ट और पुलिस कर्मचारियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। वहां उनके पैर से गोली निकाल दी गई है और फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
जांच टीम गठित
इस मामले की जांच के लिए एसपी ने अपर जिलाधिकारी वित्त व राजस्व शिव प्रसाद शुक्ला और अपर पुलिस अधीक्षक शहर श्रीकांत प्रजापति की संयुक्त जांच टीम गठित की है। ये टीम न्यायपालिका के साथ मिलकर जांच करेगी। जज तलेवर सिंह कचहरी परिसर में स्थित कोर्ट नंबर 6 में बैठते हैं और उनके पास पॉक्सो एक्ट का अतिरिक्त प्रभार भी है। वे पिछले साल जुलाई से मिर्जापुर जिले में हैं। प्रथम दृष्टया ये गलती से गोली चलने की घटना लग रही है, लेकिन जांच के बाद इस मामले पर पूरा खुलासा होगा।
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

