बजरंग दल विवाद के बीच कांग्रेस ने सिंधिया को घेरा, पुराना वीडियो किया वायरल

बजरंग दल विवाद के बीच कांग्रेस ने सिंधिया को घेरा, पुराना वीडियो किया वायरल

Bajrang Dal controversy : राजनीति में कब क्या उलटफेर हो जाए, कहा नहीं जा सकता। सियासी समीकरण बदलते देर नहीं लगती। कल जो विपक्षी खेमे में बैठे थे आज वही गलबहियां करते नज़र आए तो कोई ताज्जुब नहीं होता। लेकिन ऐसे में कई बार नेता अपनी ही कही किसी बात पर घिरते भी नज़र आ जाते हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ फिलहाल कुछ ऐसा ही हो रहा है। कर्नाटक चुनाव, कांग्रेस घोषणा पत्र और सिंधिया का बयान…ये मिलकर एक दिलचस्प तस्वीर बना रहे हैं।

कर्नाटक चुनाव के लिए कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी होने के बाद से ही बवाल मचा हुआ है। कांग्रेस ने वादा किया है कि सत्ता में आने पर वो ‘बजरंग दल’ ‘पीएफआई’ जैसे संगठनों पर बैन लगाइगी। बस फिर क्या था..बीजेपी ने मुद्दा लपक लिया। उसने ‘बजरंग दल’ पर प्रतिबंध को भगवान हनुमान का अपमान बताते हुए जमकर हमला किया। बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस की आतंक और आतंकियों का तुष्टिकरण करना है और कर्नाटक के लोगों को उसकी सोच और इतिहास नहीं भूलना चाहिए। बीजेपी और उससे जुड़े संगठनों ने बजरंग दल पर बैन की बात को तूल देते हुए कहा है कि ये कभी स्वीकार्य नहीं होगा और वो इसके खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देंगे। उन्होने कहा कि कांग्रेस ने बजरंद दल की तुलना देशद्रोही और प्रतिबंधित पीएफआई से कर देश के करोड़ों नागरिकों की भावनाओं का अपमान किया है।

बीजेपी और कांग्रेस की इस लड़ाई में अब ज्योतिरादित्य सिंधिया बीच में फंसते नज़र आ रहे हैं। सिंधिया जो कुछ साल पहले तक कांग्रेस में थे और अब बीजेपी में है। ज़ाहिर है कांग्रेस में रहते उन्होने भी बीजेपी, संघ, विहिप और बजरंग दल का खुलकर विरोध किया था। लेकिन अब बीजेपी में जाने के बाद उनके वो बयान उनके ही खिलाफ जा रहे हैं। ‘बजरंग दल’ पर उठे तमाम विवाद के बीच कांग्रेस ने सिंधिया का एक पुराना वीडियो जारी किया है जिसमें वो खुलकर इस संगठन पर निशाना साध रहे हैं। सिंधिया बजरंग दल और आईएसआई के बारे में खुलासा करते हुए कह रहे हैं कि ‘खुद को राष्ट्रभक्त बताने वाले बजरंग दल का सदस्य ही इस खुफिया संगठन का मास्टरमाइंड निकला है। ये मुंह में राम और बगल में छुरी का बेहतरीन उदाहरण है।’ सिंधिया का ये पुराना बयान कई कांग्रेसी नेता शेयर कर रहे हैं और बीजेपी के हमले का जवाब दे रहे हैं। वो सवाल कर रहे हैं कि हालिया बीजेपी नेता खुद एक समय बता चुके हैं कि बजरंग दल की असलियत क्या है..और ऐसे में भाजपाई इसको किस तरह परिभाषित करेंगे।

कर्नाटक में विधानसभा की सभी 224 सीटों के लिए 10 मई 2023 को एक चरण में चुनाव होंगे और 13 मई को मतगणना होगी। वहां सिद्धारमैया, मल्लिकार्जुन खड़गे और डीके शिवकुमार की तिकड़ी बीजेपी को खासी चुनौती देती दिख रही है। ऐसे में इन कुछ आखिरी दिनों में बीजेपी कोई भी मुद्दा छोड़ना नहीं चाहती जिससे कांग्रेस को घेरा जा सके। लेकिन ‘बजरंग दल’ के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए खुद उनके मंत्री घिरते नजर आ रहे हैं। ये पुराना वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और कांग्रेस इसी आधार पर भाजपा को जवाब दे रही है। हालांकि अभी तक सिंधिया या बीजेपी की तरफ से इस वीडियो को लेकर किसी तरह का बयान सामने नहीं आया है, लेकिन इतना तो तय है कि इस मुद्दे पर कांग्रेस के लिए ये वीडियो एक तुरुप का इक्का साबित हो सकता है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews