Lok Sabha Election 2024 : ‘नाई नाई बाल कितने, ठहर अभी सामने आते हैं’ सीएम मोहन यादव ने साधा कांग्रेस पर निशाना, कहा- वो सिर्फ कुर्सी के भूखे

मुंबई बीजेपी कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकार आएगी तो संविधान ख़तरे में पड़ जाएगा। इस मौक़े पर उन्होंने उद्धव ठाकरे सहित पूरे इंडिया गठबंधन पर निशाना साधा। कहा कि वो सरकार बनाने का सपना देख रहे हैं लेकिन जनता इनकी असलियत अच्छे से जानती है और 4 जून को नतीजा सबके सामने होगा।
Lok Sabha Election 2024 : ‘नाई नाई बाल कितने, ठहर अभी सामने आते हैं’ सीएम मोहन यादव ने साधा कांग्रेस पर निशाना, कहा- वो सिर्फ कुर्सी के भूखे

Lok Sabha Election 2024 : सीएम मोहन यादव ने कहा कि ये बात अकल्पनीय लगती थी कि समुद्र के बीच सुरंग बनाकर रस्ता बन जाए..लेकिन प्रधानमंत्री मोदी जो कहते हैं वो करके दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि इन फ़ैसलों से न सिर्फ़ विकास की गति आगे बढ़ती है बल्कि देश का मान सम्मान भी बढ़ता है।

सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस पर जड़े आरोप

मुंबई दक्षिण में बीजेपी प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि ‘दुर्भाग्य के साथ कहना पड़ता है कि अंग्रेज़ चले गए लेकिन कांग्रेस छोड़ गए। कांग्रेस सिर्फ़ आरोप लगाना जानती है। अंग्रेज़ों के द्वारा कांग्रेस का जन्म हुआ और वो उसी फूट डालो राज करो की नीति पर चल रहे हैं। उनके साथ उसी प्रवृत्ति के अन्य दलों ने मिलकर घमंडिया गठबंधन बनाया है। ये सरकार बनाने का सपना देख रहे हैं लेकिन जनता इनकी असलियत अच्छे से जानती है। ये लोगों के बरगलाने वाली बातें कर रहे हैं लेकिन अब कोई इनकी बातों में नहीं आने वाला है।’

उद्धव ठाकरे पर साधा निशाना

मोहन यादव ने कहा कि ये कह रहे हैं संविधान ख़तरे में है। अगर इनकी सरकार बनेगी तो संविधान ख़तरे में आएगा ही। ये भूल जाते हैं कि पिछले दस साल से मोदी जी की सरकार ही है लेकिन हमने हमेशा देशहित में काम किए हैं। 1950 के बाद सौ से अधिक बार कांग्रेस ने संविधान में संशोधन किया है। उन्होंने उद्धव ठाकरे पर हमला बोलते हुए  कहा कि दुख होता है ये देखकर कि अब बम गिराने वालों का समर्थन लेकर नकली शिवसेना सामने आ रही है। बाला साहेब ठाकरे कहते थे कि मैं चिमटी से भी कांग्रेस का समर्थन नहीं छूना चाहूँगा और अब कांग्रेस का समर्थन लेकर जिस तरीक़े का माहौल बना है वो अफ़सोसजनक है।

‘कांग्रेस सिर्फ़ कुर्सी की भूखी’

इस मौक़े पर जब पत्रकारों ने उनसे मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि एक मुहावरा बहुत अच्छा है ‘नाई नाई बाल कितने, ठहर अभी सामने आते हैं’। सीएम मोहन यादव ने कहा कि हमारे यहाँ चारों चरणों के चुनाव हो गए हैं और अब वहाँ कोई कम ज़्यादा नहीं कर सकता। 4 जून को सब सामने आ जाएगा। हमारा ट्रैक रिकॉर्ड इतना अच्छा है और हम तीसरी बार भी उसे क़ायम रखेंगे। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को राम भगवान के मंदिर जाने पर भी आपत्ति है उन्हें जनता सही जवाब देगी। जो राम के नहीं वो किसी काम के नहीं। कांग्रेस सिर्फ़ कुर्सी की भूखी है। उन्होंने दावा किया कि एक बार फिर बीजेपी भारी बहुमत से सरकार बनाएगी और मोदी जी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे।

[dgv_vimeo_video id=”947743885″]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews