Lok Sabha Election 2024 : मनोज तिवारी ने कांग्रेस को दी चुनौती ‘देखता हूँ पंजाब में घुसने से कौन रोकता है’, कहा- 4 जून के बाद INDIA गठबंधन पर लट्ठ बजेगा

भाजपा सांसद ने कहा कि जो कांग्रेस बिहार उत्तर प्रदेश के लिए अपने सांसदों से इस तरह के बयान दिलाती है उसे बिहार में एक वोट नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि चार जून को एक बार फिर उनकी सरकार बनेगी और अब राहुल गांधी को अगले चौबीस साल बाद का सोचना चाहिए।
BJP

Lok Sabha Election 2024 : मांस, मछली, मंगलसूत्र, मुसलमान, धर्म, धर्म के आधार पर आरक्षण के बाद अब लोकसभा चुनाव में क्षेत्रवाद का मुद्दा भी आ गया है। बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने अपने पंजाब दौरे से पहले चुनौती वाले अंदाज़ में कहा कि ‘देखता हूँ कौन कांग्रेसी हमें वहाँ घुसने से रोकता है’। इसी के साथ उन्होंने बिहार के लोगों से अपील की कि जो कांग्रेस उनके लोगों को दूसरे राज्यों में जाने से रोकने की बात करते हैं..उन्हें वहाँ एक भी सीट नहीं मिलनी चाहिए।

मनोज तिवारी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

सातवें और अंतिम चरण का मतदान 1 जून को होना है और इसके लिए सभी राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताक़त झोंक दी है। बीजेपी सांसद चुनावी प्रचार के सिलसिले में पंजाब दौरे पर है और इससे पहले एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वो देखेंगे कि कौन उन्हें वहाँ आने से रोक सकता है। उन्होंने कहा कि ‘मैं पंजाब जा रहा हूं जहां कांग्रेस ने कहा है कि बिहार उत्तर प्रदेश के लोगों को घुसने नहीं देंगे। आज मैं जा रहा हूं देखता हूं कि कौन कांग्रेसी है जो घुसने से रोकता है। जो कांग्रेस बिहार उत्तर प्रदेश के लिए अपने सांसदों से इस तरह के बयान दिलाती है ऐसे कांग्रेस को बिहार में एक वोट नहीं मिलना चाहिए। मैं बिहार के लोगों से प्रार्थना करता हूँ। 4 जून के बाद इनके अंदर लठ बजने वाली है उसकी कल्पना हम सभी कर सकते हैं। आज हम पंजाब जा रहे हैं..या तो तेजस्वी बाबू गठबंधन तोड़ दें नहीं तो कांग्रेस के साथ-साथ INDIA गठबंधन के सभी लोगों को हमारा बिहार उत्तर प्रदेश उनको औकात बताएगा’।

राहुल गांधी पर साधा निशाना

बता दें कि पंजाब के संगरूर से कांग्रेस प्रत्याशी सुखपाल सिंह खेरा ने कहा था कि बिहार-उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों के लोग पंजाब पर भी क़ब्ज़ा करना चाहते हैं। हिमाचल प्रदेश की तर्ज़ पर पंजाब में भी ऐसा क़ानून बनना चाहिए कि बाहरी लोग यहाँ ज़मीन न ख़रीद सकें, मतदान न कर सकें और उन्हें सरकारी नौकरी भी नहीं मिले। इस बयान को लेकर काफ़ी हंगामा हुआ था और अब बीजेपी सांसद ने कहा है कि वो देखते हैं कि कौन उन्हें पंजाब में घुसने से रोक सकता है। इसी के साथ उन्होंने ये भी कहा कि चार जून को एक बार फिर उनकी सरकार बनेगी और राहुल गांधी को अगले चौबीस साल बाद का सोचना चाहिए। देश की जनता उनका ऐसा हाल करेगी 2024 से लेकर 2047 तक ऐसा हाल कर देगी कि वो कुछ भी सोचने लायक़ नहीं रहेंगे।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews