‘मां काली तो ढोकला नहीं खातीं’, महुआ मोइत्रा ने पीएम मोदी पर कसा तंज; क्या है पूरा मामला

दुर्गापुर में शुक्रवार को आयोजित रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत बंगाली में अभिवादन करते हुए मां काली और मां दुर्गा का आह्वान किया।
‘मां काली तो ढोकला नहीं खातीं’, महुआ मोइत्रा ने पीएम मोदी पर कसा तंज; क्या है पूरा मामला

तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने पश्चिम बंगाल में एक रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से मां काली का आह्वान करने पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाली वोटरों को लुभाने के लिए इस तरह की रणनीति अपनाना अब थोड़ा देर हो चुका है। मोइत्रा ने अपने बयान में व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, “प्रधानमंत्री जी, बंगाली वोटों के लिए मां काली का आह्वान करने में अब देर हो चुकी है। मां काली ढोकला नहीं खातीं और न कभी खाएंगी।” ढोकला, गुजरात का एक लोकप्रिय व्यंजन है जहां से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आते हैं।

दुर्गापुर में शुक्रवार को आयोजित रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत बंगाली में अभिवादन करते हुए मां काली और मां दुर्गा का आह्वान किया। यह उनके सामान्य जय श्री राम नारे से अलग था। मोइत्रा प्रधानमंत्री की मुखर आलोचक रही हैं। उन्होंने इसे बंगाली मतदाताओं को आकर्षित करने की रणनीति करार दिया। उन्होंने पहले भी बीजेपी पर लोगों के खान-पान की पसंद को निर्देशित करने का आरोप लगाया है और इस बार भी उन्होंने ढोकला का जिक्र कर अपनी बात को मजबूती दी।

मां काली को लेकर विवादास्पद बयान

महुआ मोइत्रा ने इससे पहले भी मां काली को लेकर विवादास्पद बयान दिया था। 2022 में उन्होंने मां काली को मांस खाने वाली और शराब स्वीकार करने वाली देवी बताया था जिसके बाद उनके खिलाफ एक एफआईआर दर्ज की गई थी। बंगाल के कई काली मंदिरों में मां काली को मांसाहारी भोजन भोग के रूप में चढ़ाया जाता है जिसे मोइत्रा ने अपने ताजा बयान में भी रेखांकित किया।

मछली बाजार के दुकानदारों को धमकी

इस साल की शुरुआत में मोइत्रा ने दिल्ली के चितरंजन पार्क में मछली बाजार के दुकानदारों को धमकाने वाले कुछ लोगों का वीडियो साझा किया था जिन्हें उन्होंने बीजेपी से जुड़ा हुआ बताया। उन्होंने कहा था, “चितरंजन पार्क एक बंगाली कॉलोनी है जहां बंगाली गर्व से मछली खाने वाले लोग हैं। क्या बीजेपी हमें बताएगी कि हमें क्या खाना है और कहां दुकानें खोलनी हैं? क्या हमें धोकला खाना होगा और दिन में तीन बार जय श्री राम का नारा लगाना होगा?” बीजेपी ने इस वीडियो को फर्जी और राजनीति से प्रेरित करार दिया था।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews