दिल्ली में नकली और घटिया गुणवत्ता वाली दवाओं की बिक्री रोकने के लिए ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट ने नांगलोई इलाके में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। इस विशेष ड्राइव के दौरान 12 दवा रिटेलर्स की सख्ती से जांच की गई, जिनमें से 10 फर्में ड्रग्स नियमों का उल्लंघन करती हुई पकड़ी गईं।
एनफोर्समेंट टीमों ने रिटेल दवा डीलरों के परिसरों में विस्तृत निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि अधिकांश फर्में ड्रग्स रूल्स, 1945 के प्रावधानों का पालन नहीं कर रही थीं। इन सभी के खिलाफ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गुणवत्ता जांच के लिए 49 सैंपल एकत्रित
डिपार्टमेंट ने तय क्वालिटी स्टैंडर्ड्स के अनुपालन को वेरिफाई करने के लिए अलग-अलग दवाओं के 49 सैंपल भी एकत्रित किए हैं। इन सैंपलों को टेस्ट और एनालिसिस के लिए प्रयोगशाला में भेजा गया है। निरीक्षण में कुछ फर्में दवाओं पर डिस्काउंट ऑफर के बोर्ड भी लगाए हुए मिलीं, जो नियमों के विरुद्ध है।
ऐसे सभी बोर्डों को मौके पर ही हटवा दिया गया। संबंधित फर्मों को नियमों का सख्ती से पालन करने और भविष्य में किसी भी प्रकार के उल्लंघन से बचने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने दिया नकली दवाओं पर सख्त रुख का संकेत
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि सरकार नागरिकों को नकली और घटिया गुणवत्ता की दवाओं से सुरक्षित रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जब तक वे दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री हैं, राजधानी में किसी भी सूरत में कोई नकली दवा नहीं बिकने दी जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां प्रवर्तन की कार्रवाई को और तेज किया जाएगा। सरकार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग राजधानी में पब्लिक हेल्थ की सुरक्षा सुनिश्चित करने और एथिकल फार्मास्यूटिकल प्रैक्टिस को बनाए रखने के लिए सख्त रेगुलेटरी निगरानी को लगातार मजबूत कर रहा है।
कैंसर रोगियों की सुरक्षा के लिए पूर्व में भी चलाई थी विशेष मुहिम
इससे पहले भी स्वास्थ्य मंत्री के निर्देशों पर ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सघन इंस्पेक्शन और एनफोर्समेंट ड्राइव चलाया था। उस अभियान का उद्देश्य जीवन बचाने वाली एंटी-कैंसर दवाओं की रेगुलेटरी निगरानी को मजबूत करना और गंभीर इलाज करा रहे मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था।
पिछले सप्ताह एंटी-कैंसर दवाओं की क्वालिटी जांच में पता चला था कि छह कंपनियां ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स रूल्स का उल्लंघन कर रही थीं। उस दौरान लक्ष्मी नगर, यूसुफ सराय, ग्रीन पार्क, ओखला इंडस्ट्रियल एरिया, पश्चिम विहार, द्वारका और रोहिणी जैसे इलाकों में निरीक्षण किए गए थे।
ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट की कई टीमों ने पूर्वी, दक्षिणी, पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के बड़े हॉस्पिटल क्लस्टर और फार्मास्युटिकल मार्केट के आस-पास एंटी-कैंसर दवाओं का कारोबार करने वाली 25 रिटेल और होलसेल दुकानों पर निरीक्षण किया था। यह अभियान दिल्ली सरकार की ओर से नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।





