मल्लिकार्जुन खड़गे बोले- हमारे सहयोगी दल या विपक्ष की सरकार हो हम विद्यार्थियों के साथ, अमित शाह पर किया हमला

खडगे ने कहा 15 दिन से सदन चल रहा है गृह मंत्री अमित शाह नहीं आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नहीं आ रहे, इसके दो ही मतलब हैं एक वे संसद को नजर अंदाज कर रहे हैं या फिर वो डर कर नहीं आ रहे।
Congress President Mallikarjun Kharge Press Conference

Congress President Mallikarjun Kharge Press Conference

पेपर लीक का मुद्दा देश का मुद्दा बन चुका है, NEET का पेपर लीक होने के बाद दिल्ली में छात्र आंदोलन देखने को मिला इस बीच पंजाब, कर्नाटक, झारखंड से भी पेपर लीक की ख़बरें आई, विद्यार्थियों ने इसके विरोध में आवाज उठाई लेकिन उन्हें ना तो दिल्ली में आंदोलन करने वाली कॉकरोच जनता पार्टी का समर्थन मिला और ना ही कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों का, सवाल उठने लगे कि ये सभी सिलेक्टिव सियासत कर रहे हैं, लेकिन अब इसपर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बयान दिया है।

संसद के मानसून सत्र में गतिरोध बना हुआ है, दोनों सदनों में दिल्ली छात्र आंदोलन में पुलिस लाठीचार्ज को लेकर विपक्ष आक्रोशित है, पैलेट गन, आंसू गैस छोड़ने के आदेश किसने दिए ये सवाल विपक्ष पूछ रहा है और सदन नहीं चलने दे रहा, कांग्रेस की मांग है कि सरकार इसपर स्थिति स्पष्ट करे, दिल्ली पुलिस गृह मंत्री अमित शाह के मंत्रालय के अधीन काम करती है वो सदन में आकर बयान क्यों नहीं देते , वे आखिर गायब क्यों हैं ?

गृह मंत्री सदन का अपमान कर रहे हैं 

मल्लिकार्जुन खड़गे ने मीडिया से बात करते हुए कहा, पिछले 15 दिनों से पूरा विपक्ष लगातार यह मांग कर रहा है कि छात्रों पर हुई बर्बरता को लेकर सदन में केंद्रीय गृह मंत्री बयान दें। लेकिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लगातार लापता हैं। जिस तरह से विद्यार्थियों को पीटा गया, उनके ऊपर पैलेट गन चलाई गई, आंसू गैस चलाई गई, यह सब किसके इशारे पर हुआ। इस पर सरकार को खुद बयान देना चाहिए था। लेकिन गृह मंत्री दिल्ली में रह कर भी सदन में न आकर लोकतंत्र के मंदिर का लगातार अपमान कर रहे हैं। जवाबदेही से बच रहे हैं।

जवाब देना होगा कि बर्बरता किसके कहने पर हुई  

खड़गे ने कहा आज राज्य सभा के सभापति ने संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजूजू को निर्देश दिया है कि वो विपक्ष की भावनाओं से गृहमंत्री को अवगत कराएं। उनसे सदन में आने को कहें, हम इसके लिए सभापति को धन्यवाद देते हैं लेकिन वे ऐसा नहीं कर पाए। मगर सरकार को यह जवाब देना होगा कि छात्रों के साथ बर्बरता किसके कहने पर की गई, हम पूछ रहे हैं कि ये सब किसके कहने पर हुआ, बैरिकेड पर करंट क्यों दौड़ाया गया, कीलें लगी लाठी से बच्चों पर प्रहार क्यों हुए?

गृह मंत्री जिम्मेदारी लें और देश से माफ़ी मांगें  

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा देश जानना चाहता हैं कि सादे कपड़ों में छात्रों को पीटने वाले लोग कौन थे? CRPF की RAF  को लाठी चलाने का आदेश किसने दिया है। आंदोलन वापस लेने के बाद भी बच्चों को भाजपा और संघ के लोग प्रताड़ित कर रहे हैं। बच्चों को और उनके परिवार के लोगों को धमका रहे हैं। ये सारी बातें सदन में गृह मंत्री ही साफ कर सकते हैं। उनको सदन में आकर जिम्मेदारी लेनी चाहिए और देश से माफी माँगनी चाहिए।

सरकार कोई भी हो कांग्रेस विद्यार्थियों के साथ है 

मीडिया ने जब खड़गे से सवाल किया कि आप लोग सिर्फ दिल्ली में आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं झारखंड सहित अन्य राज्यों में भी पेपर लीक हुए छात्र परेशान हो रहे हैं, झारखंड में तो छात्र आंदोलन कर रहे हैं लेकिन आप वहां क्यों नहीं जा रहे छात्रों का समर्थन क्यों नहीं कर रहे? इस सवाल का जवाब देते हुए खड़गे ने कहा कांग्रेस पार्टी विद्यार्थियों के साथ है। झारखंड हो, पंजाब हो, दिल्ली हो, कहीं भी हो, हम सब, राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस पार्टी हमारे विद्यार्थियों के साथ खड़े हैं। हम पूछेंगे यदि हमसे भी कोई गलती हुई होगी तो क्यों हुई ? चाहे हमारा सहयोगी दल हो या विपक्ष हो, हम विद्यार्थियों व युवकों के साथ हैं। उनकी समस्या को हल करने के लिए हम लड़ते रहेंगे।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews